
जगदलपुर . नगर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विगत दो साल के भीतर उठाइगीरी की दर्जनों वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन एक भी मामले में पुलिस आरोपियों को पकड़ पाने में कामयाब नहीं हो सकी है। इसके चलते अपराधिक तत्वों के हौसले और भी बूलंद हो चले हैं, यही वजह है कि वे अब सरेआम बैंक के सामने से वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
इधर पुलिस सीसी टीवी फूटेज के बाद भी आरोपियों को पकडऩे में नाकाम साबित हुई है। गौरतलब है कि बुधवार को कोतवाली थाना से महज आधा किलोमीटर दायरे में पथरागुड़ा निवासी अशोक देवांगन इनके शिकार हुए थे। बाइक सवार युवकों ने उनके हाथ से 1 लाख 90 हजार रुपए छीन कर ले गए थे। इन आरोपियों की तस्वीर बैंक के सामने लगे सीसीटीवी कैमरा में आने के बाद पुलिस आरोपी की पहचान करने में जूटी है। लेकिन देखना होगा कि यह फूटेज पुलिस को आरोपियों को पहचान पाने के लिए मददगार होती है, या अन्य मामलों की ही तरह फूटेज के बावजूद पुलिस इस बार भी आरोपियों की पकड़ पाने में विफल साबित होती है। वहीं बैंक अथवा शहर के चौराहों पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
सीसीटीवी कैमरे में कैद लेकिन पुलिस के कैद से बाहर
केस 1 - 2 अगस्त 2017 को कोतवाली क्षेत्र के आनंद लॉज के पास हुई वारदात के बाद अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। ज्ञात हो कि स्थानीय व्यवसायी सेंट्रल बैंक के अपने लॉकर से पांच लाख का जेवरात लेकर एक्टिवा में सवार होकर आनंद लॉज के पास स्थित किराने की दुकान पर गए थे। इस दौरान दो अपाचे सवार युवकों ने एक्टिवा की डिक्की से जेवरात पार कर दिया था। मामले में सीसीटीवी फु टेज भी मिला था जिसमें दो लोगों की तस्वीरें आई थीं।
केस 2 - स्टेट बैंक के सामने पथरागुड़ा निवासी शिक्षक के रुपए गिनने के दौान अज्ञात व्यक्ति ने 1 लाख रुपए लेकर फरार हो गए था। जिसमें आरोपी बैंक की सीसीटीवी फूटेज में दिखाई दिया था।
केस 3 - गौरव लॉज के सामने सोनारपाल के व्यापारियों की कार का सीसा तोड़कर अपाची बाइक सवार दो युवकोंं ने 4 लाख रुपए की उठाइगिरी की थी। यह वारदात गौरव लॉज में लगे सीसीटीवी कैमरे कैद हुई थी।
केस 4 - 25 मई 2017 को पंजाब नेशनल बैंक के सामने शांति नगर के ठेकेदार मनोज सिंह की बाइक की डिक्की का लॉक तोड़कर बैग में रखे 1 लाख रुपए पार कर दिया गया था। यह वारदात भी बैंक के कैमरे भी कैद हुई थी।
केस 5 - पीजी कॉलेज के प्रोफेसर जिन्होंने बैंक से 3 लाख रुपए निकालकर बाइक की डिक्की में रखा था। जिसे बाइक सवार युवक डिक्की से निकाल कर ले गए थे। जिनकी तस्वीर प्रतापगंज पारा स्थित ए-टू-जेड शॉप के सामने लगी सीसी टीवी कैमरे में कैद हुई थी।