Basti Acid Attack : बस्ती में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने युवती पर खिड़की से तेजाब फेंका। शादी तय होने से नाराज था मुरादाबाद का आरोपी सलीम। पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी।
बस्ती : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, यहां एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में नाकाम होने पर एक युवती की ज़िंदगी बर्बाद करने की कोशिश की। युवती की शादी कुछ ही दिनों में होने वाली थी, लेकिन आरोपी ने उसकी खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक सलीम, जो मुरादाबाद का रहने वाला है, उसकी पहचान पीड़िता से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जिसे सलीम ने प्रेम समझ लिया और युवती पर शादी का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया और कहीं और शादी के लिए हामी भर दी, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सिसवारी गांव की है। गुरुवार सुबह जब युवती अपने घर में खिड़की के पास सो रही थी, तभी घात लगाए बैठे सलीम ने खिड़की के रास्ते उस पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब के हमले से युवती का चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं। हमले के बाद मची चीख-पुकार के बीच परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। युवती का डॉक्टरों की देखरेख में अच्छे से इलाज करवाया जा रहा। डॉक्टर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। डिप्टी एसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी के अनुसार, 'पीड़िता के भाई सेराज अहमद की तहरीर पर आरोपी सलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।'
जिस घर में शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा और दहशत है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं ताकि किसी और बेटी के साथ ऐसी दरिंदगी न हो।