बस्ती

मंडप दरोगा का, दुल्हन प्रेमी की! शादी से ठीक पहले 5 साल के अफेयर का खुलासा और बदल गया दूल्हा

UP Police SI Wedding : यूपी पुलिस के दरोगा जॉन मेजर की बारात निकलने वाली थी, तभी प्रॉपर्टी डीलर प्रेमी ने घर पहुँचकर पोल खोल दी। दरोगा ने रिश्ता तोड़ा, तो प्रेमी ने उसी मंडप पर प्रेमिका का हाथ थाम रचाई शादी।

2 min read
Apr 21, 2026
Feature image
AI Generated Symbolic Image.

UP Police SI Wedding : टेंट लगा था मंडप सज चुका था। बारात कुछ ही घंटों में निकलने वाली थी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था। परिवार को एक दरोगा दामाद मिलने वाला था। लेकिन, तभी कहानी में ट्विस्ट आता है। फेरे उसी मंडप में हुए लेकिन दरोगा से नहीं, बल्कि प्रापर्टी डीलर से। आइए जानते हैं क्या पूरी कहानी।

दरअसल, दरोगा जॉन मेजर की शादी 20 अप्रैल को बस्ती कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हुई थी। दोनों परिवारों ने पूरी तैयारी कर ली थी। कार्ड बंट चुके थे, रिश्तेदार पहुंच चुके थे, मेहंदी-हल्दी की रस्में चल रही थीं और मैरिज हॉल सजकर तैयार था।

लेकिन सुबह करीब 11:30 बजे अचानक एक युवक दरोगा के घर पहुंच गया। वह था सर्वेश सिंह- मेंहदावल थाना क्षेत्र के बड़ी पट्टी का रहने वाला प्रॉपर्टी डीलर। सर्वेश ने जॉन मेजर के परिवार को बताया कि उसकी होने वाली बहू के साथ उसका पांच साल से अफेयर चल रहा है। साथ ही साफ-साफ धमकी दी, 'अगर बारात लेकर पहुंचे तो मैं सबके सामने रिश्ते की बात खोल दूंगा।'

लखनऊ में तैनात है दरोगा

दरोगा के पिता धर्मराज चौधरी (उत्तराखंड के राजकीय इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल) ने पूरी बात सुनकर तुरंत युवती के घर फोन किया। इज्जत का हवाला देते हुए उन्होंने रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया। जॉन मेजर की पोस्टिंग लखनऊ में है और परिवार दुबौलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

प्रेमी ने परिवारवालों को शादी के लिए मनाया

रिश्ता टूटते ही दुल्हन के घर में हड़कंप मच गया। सारी तैयारियां हो चुकी थीं, मेहमान आ चुके थे, मंडप सजा हुआ था। ठीक इसी वक्त प्रेमी सर्वेश सिंह अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा। उसने परिवार वालों को पूरी बात समझाई और शादी के लिए मनाया। फिर रात में सर्वेश खुद दूल्हा बनकर बारात लेकर पहुंचा और उसी मंडप पर अपनी प्रेमिका के साथ सात फेरे ले लिए।

दरोगा के पिता धर्मराज चौधरी ने बताया, सही समय पर हमें लड़की के अफेयर की जानकारी मिल गई। वरना मेरे बेटे की जिंदगी खराब हो जाती। जब सर्वेश घर आया तो हमने 112 पर भी डायल किया था, लेकिन हमें कोई केस दर्ज नहीं कराना था। हमने बस रिश्ता तोड़ दिया।

Published on:
21 Apr 2026 02:03 pm