बस्ती

EX MP Harish Dwivedi: बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी बने राष्ट्रीय महासचिव, नितिन नवीन की टीम में मिली बड़ी जिम्मेदारी

BJP National List: सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। यूपी के 6 नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है। ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष भी यूपी से हैं। इस तरह नितिन नवीन की टीम में 8 नेता यूपी से हैं।
2 min read
Aug 17, 2026
Up news, bjp, basti
हरीश द्विवेदी (सोर्स: पत्रिका)

EX MP Harish Dwivedi: सोमवार को बीजेपी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की सूची जारी कर दी, बता दें कि नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लगभग सात महीने बाद बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है।बस्ती से दो बार सांसद रहे हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इस घोषणा के बाद जिले में हर्ष का माहौल है।

ABVP से शुरू हुआ था हरीश द्विवेदी का राजनीतिक सफर

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के तेलियाजोत गांव के निवासी हरीश का जन्म 22 अक्टूबर 1971 को हुआ था। उनके पिता का नाम साधु शरण दुबे और माता का नाम यशोदा देवी हैं। वर्ष 2006 में विनीता द्विवेदी से उनका विवाह हुआ था, जिससे उन्हें एक बेटा और एक बेटी है। हरीश द्विवेदी ने ABVP से 1991 में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था, इस दौरान उन्होंने संगठन में कई जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 1998 के उन्होंने दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में MA की डिग्री प्राप्त की थी।

वर्ष 2014, 2019 में बस्ती सदर से लोकसभा सांसद चुने गए

वर्ष 2012 में उन्होंने सबसे पहले बस्ती सदर (विधानसभा क्षेत्र) से चुनाव लड़ा था, लेकिन वो बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार जितेंद्र कुमार से हार गए थे और तीसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद वर्ष 2014 में बस्ती से 16वीं लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर पहली बार सांसद बने थे।इसके बाद साल 2019 में 17वीं लोकसभा में भी बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़ जीत दर्ज कर दूसरी बार सांसद बने।बीजेपी में रहते हुए हरीश ने विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं।

बीजेपी में रहते हुए उन्होंने साल 2014-2019 तक कोयला मंत्रालय के सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में काम किया. इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति के सदस्य, वित्त संबंधी स्थायी समिति के सदस्य के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

जातिगत समीकरणों का भी रखा गया है ध्यान

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को महासचिव बनाया गया है। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर डॉक्टर तारिक मंसूर और रेखा वर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। यूपी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली का प्रमोशन हुआ है। उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। जातिगत हिसाब से सामान्य वर्ग से एक ब्राह्मण, एक पारसी, एक एससी, तीन ओबीसी (यादव, कुर्मी, मौर्य) को जगह मिली है। सात महीने पहले नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही टीम का गठन पेंडिग था। पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी राष्ट्रीय टीम तैयार की।

Updated on:
17 Aug 2026 04:36 pm
Published on:
17 Aug 2026 04:35 pm