बस्ती जनपद के परशुरामपुर थाने से लापता हुए सब इंस्पेक्टर अजय कुमार गौड़ का शव अयोध्या में सरयू नदी से बरामद किया गया है। उनके शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बस्ती जिले के परशुरामपुर थाने से लापता हुए सब इंस्पेक्टर अजय कुमार गौड़ का शव अयोध्या पुलिस ने कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के तिहुरा माझा इलाके से बरामद किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया पूरी कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि दारोगा अजय गौड़ पिछले तीन दिनों से लापता थे, उनके शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने जब जांच पड़ताल शुरू की तो सदर सर्किल के अमहट घाट पर उनकी बाइक मिली। इसके बाद पुलिस ने सरयू में गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की, फिलहाल शव अयोध्या जिले में मिलने के बाद अब जांच का दायरा बढ़ गया है।
अयोध्या पुलिस ने शव मिलने की सूचना उच्चाधिकारियों को दी है। पुलिस के मुताबिक एसआई अजय गौड़ मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पत्नी रंजिता ने बताया कि 5 तारीख की शाम लगभग 3 बजे उनकी आखिरी बार अपने पति से बात हुई थी। इसके बाद 8 से 9 बजे के बीच उन्होंने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला।
6 फरवरी की सुबह भी फोन बंद मिलने पर उन्होंने थाने के अन्य स्टाफ से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ के मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। इस घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।