ब्यावर

Ajmer Accident: वाहन की टक्कर से पति और पत्नी की मौत, दोनों पुत्रियां बचीं, गांव लौट रहा था परिवार

Ajmer Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर 16 मील चौराहे के निकट हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी दो मासूम बेटियां बाल-बाल बच गईं।

less than 1 minute read
Apr 26, 2026
Ajmer Accident
 मृतक दम्पति की फाइल फोटो। फोटो पत्रिका नेटवर्क

जवाजा (अजमेर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर 16 मील चौराहे के निकट हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी दो मासूम बेटियां बाल-बाल बच गईं। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

गांव लौट रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार जालिया रूपवास निवासी जसवंत सिंह (30) पत्नी चंचल कंवर (28) व दो बेटियों के साथ जवाजा से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान 16 मील चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में जसवंत सिंह और उसकी पत्नी चंचल कंवर के सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई।

हादसे में दंपति की बड़ी बेटी तनु (6) के हाथ में चोट आई, जबकि छोटी बेटी अनु (4) सुरक्षित रही। दोनों बच्चियों को राहगीरों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जवाजा पहुंचाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

सूचना मिलते ही जवाजा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों के सहयोग से शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Published on:
26 Apr 2026 02:36 pm