बेगूसराय

‘बॉयफ्रेंड को फोन करो और अभी बुलाओ…’ प्रेमिका से कॉल करवाकर छात्र को बुलाया घर, फिर रस्सी से घोंट दिया गला

बेगूसराय में एक युवक की हत्या कर दी गई है, और इसका आरोप उसकी प्रेमिका के परिवार पर लगा है। इस मामले में पुलिस ने प्रेमिका और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके भाई की तलाश अभी भी जारी है।

3 min read
घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण और मृतक की फाइल फोटो

Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र में पड़ने वाले गोधियारी गांव से ऑनर किलिंग का एक मामला सामने आया है। यहां विशाल कुमार नाम के 19 साल के ग्रेजुएशन के एक छात्र का रस्सी से गला घोंटकर कत्ल कर दिया गया। सोमवार रात से लापता इस युवक का शव उसके घर से थोड़ी ही दूरी पर स्थित एक खेत से बरामद किया गया। इस कत्ल की साजिश रचने का आरोप युवक की गर्लफ्रेंड के परिवार पर लगा है। मामले में पुलिस ने लड़की और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है और छानबीन जारी है।

ये भी पढ़ें

मध्य प्रदेश से बिहार पहुंची बारात! शादी से पहले पुलिस ने मैरेज हॉल में मारा छापा, दूल्हा समेत 16 लोग हिरासत में

कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में हुई थी मुलाकात

मृतक के एक दोस्त के मुताबिक विशाल बखरी स्थित एक कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में पढ़ाई कर रहा था, जहां उसकी मुलाकात वहीं काम करने वाली एक लड़की से हुई। धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए और उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो गया। जब लड़की के भाई को इस बात का पता चला तो उसने लड़की से उसका मोबाइल फोन छीन लिया और विशाल से मिलने पर रोक लगा दी। इसके बाद दोनों ने व्हाट्सप्प का इस्तेमाल करना बंद कर दिया और कुछ समय के लिए उनके बीच बात बंद हो गई। लेकिन फिर दोनों स्नैपचैट के जरिए चुपके-चुपके बातचीत करने लगे।

दोनों ने सोमवार को गुपचुप तरीके से मिलने की योजना बनाई। वे बेगूसराय से समस्तीपुर तक ट्रेन से एक साथ गए, रोसेरा के एक कॉलेज में कुछ समय साथ बिताया और फिर शाम को ट्रेन से ही एक साथ बेगूसराय लौट आए, जहां गांव के ही किसी व्यक्ति ने उन्हें साथ देख लिया और लड़की के भाई को इसकी जानकारी दे दी।

अभी कॉल करो और बुलाओ...

अब तक की जांच से जो बातें सामने आई हैं, उसके मुताबिक सोमवार शाम जब लड़की लौटी, तो उसके घर में हंगामा मच गया। गुस्से से तमतमाए भाई और पिता ने लड़की को पकड़ लिया। अपनी बहन को धमकाते हुए भाई ने उससे कहा, 'मना करने के बावजूद तुम उससे मिलने क्यों गई थी? अपने बॉयफ्रेंड को अभी फोन करो और उसे घर बुलाओ।' डरी-सहमी लड़की ने अपने परिवार के दबाव में आकर विशाल को फोन किया और उससे मिलने के बहाने उसे अपने घर के पास बुला लिया। अपनी गर्लफ्रेंड की बात मानकर विशाल रात करीब 10:00 बजे अपने घर से निकल पड़ा। लेकिन उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि आगे क्या होने वाला है।

रस्सी से घोंटा गला

जैसे ही विशाल अपनी गर्लफ्रेंड के घर के पास पहुंचा वहां पहले से मौजूद लड़की के घरवालों ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने और जांच की दिशा भटकाने की कोशिश में शव को कामास्थान आरा मिल के पास एक मक्के के खेत में फेंक दिया गया, जो विशाल के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।

सुबह बिस्तर खाली देख उड़े होश

विशाल के पिता शंभू सहनी ने बताया कि रात दस बजे सभी ने एक साथ खाना खाया था। जब वे सुबह जागे तो विशाल अपने बिस्तर पर नहीं था। उन्होंने आवाज दी, लेकिन विशाल ने कोई जवाब नहीं दिया। फोन किया तो उसने रिसीव नहीं किया। काफी खोजबीन के बाद गांव वालों को एक खेत में किसी का शव पड़ा हुआ मिला। उन्होंने विशाल के घर वालों को इसकी सूचना दी।

जब परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने ने विशाल का शव मक्के के खेत में पड़ा पाया और पास ही में एक रस्सी भी पड़ी हुई थी। तुरंत पुलिस को इस बात की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी।

लड़की-पिता पुलिस हिरासत में, भाई फरार

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के SP मनीष और SDPO कुंदन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। FSL की एक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए। DSP निखिल कुमार ने बताया कि विशाल के दोस्तों और परिवार वालों के बयानों के आधार पर लड़की और उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, मुख्य आरोपी लड़की का भाई अभी भी फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें

‘हैंडल नहीं कर पाई, मम्मी माफ करना…’ नोट लिखकर महिला अफसर ने की आत्महत्या, हैंडराइटिंग पर उठे सवाल

Also Read
View All