बेमेतरा

Bemetara BJP Rift: बीजेपी की अंदरूनी कलह आई सामने? एल्डरमैन शपथ ग्रहण से 15 पार्षद रहे गायब, विधायक ने दी यह सफाई

BJP Councillors Absent: थानखम्हरिया नगर पंचायत में आयोजित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी और कलह का शिकार हो गया।
2 min read
Jul 31, 2026
Nagar Panchayat Than Khamharia
बीजेपी की अंदरूनी कलह आई सामने (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bemetara BJP Internal Rift: बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया नगर पंचायत में आयोजित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब बीजेपी समर्थित नगर पंचायत के सभी 15 पार्षद कार्यक्रम से नदारद रहे। विधायक ईश्वर साहू की मौजूदगी के बावजूद जनप्रतिनिधियों की गैरहाजिरी से राजनीतिक गलियारों में अंदरूनी कलह की चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि विधायक ने इन अटकलों को खारिज करते हुए पार्षदों की अनुपस्थिति की वजह बारिश और खेती-किसानी के काम में व्यस्तता को बताया।

सभी 15 पार्षद इस शासकीय कार्यक्रम से दूर रहे

थानखम्हरिया नगर पंचायत में आयोजित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी और कलह का शिकार हो गया। सार्वजनिक मंच पर साजा विधायक ईश्वर साहू की मौजूदगी के बावजूद बीजेपी समर्थित नगर पंचायत के सभी 15 पार्षद इस शासकीय कार्यक्रम से दूर रहे। जनप्रतिनिधियों की एकमुश्त अनुपस्थिति के कारण मुख्य मंच पूरी तरह सूना रहा। साजा एसडीएम पिंकी मनहर ने एक हाल के भीतर ही मनोनीत तीनों एल्डरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

अंदरूनी कलह को सिरे से किया खारिज

विधायक ईश्वर साहू ने संगठन में किसी भी तरह की अंदरूनी कलह या नाराजगी की बात को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से पार्षद नहीं पहुंचे। वहीं पब्लिक भी खेती-किसानी में व्यस्त है इसलिए नहीं पहुंच पाए। उन्होंने समारोह को सफल करार दिया।

नवनियुक्त एल्डरमैनों ने ली गोपनीयता की शपथ

थानखम्हरिया. नगर के मनोनीत नवनियुक्त एल्डरमैनों ने एक समारोह में पद व गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम पिंकी मनहर ने एल्डरमैन अनिल सिंघानिया, रोहित भारती एवं बलराम निषाद को शपथ दिलाई। विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नव नियुक्त एल्डरमैन अपने अनुभव एवं सहयोग से नगर के विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, भाजपा जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि चंदन अग्रवाल, जिला मंत्री सुरेश सिंघानिया, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष राजेश सिंघानिया, मंडल महामंत्री घनश्याम राजपूत, चंद्रशेखर राजपूत, आदर्श जोशी, दौलतनाथ योगी, तहसीलदार आशुतोष गुप्ता, सीएमओ विजय यादव, घसिया निषाद, रामसनेही नामदेव, पवन सिन्हा उपस्थित रहे।

Updated on:
31 Jul 2026 10:54 am
Published on:
31 Jul 2026 10:51 am