
आज भी अतिभारी बारिश का अलर्ट (photo source- Patrika)
Chhattisgarh Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बस्तर, धमतरी, गरियाबंद समेत कई जिलों में सम्पर्क मार्ग कट गया है। इससे मुख्य मार्ग बाधित हैं और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के बीच गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में उदंती नदी पर ओडिशा सरकार द्वारा करीब 9 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा निर्माणाधीन पुल तेज बहाव की चपेट में आकर भरभराकर ढह गया। यह पुल अमलीगांव को ओडिशा के चार गांवों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था। पुल गिरने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन की योजना को बड़ा झटका लगा है। बारिश के बीच राहत और बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
गरियाबंद के सुहागपुर गौठान में बाढ़ के पानी से घिरे एक परिवार को नगर सेना ने चार घंटे तक चले हाई-रिस्क ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों ने अंधेरी रात और तेज बहाव के बीच पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। हालांकि गौठान में अब भी करीब 300 गायें बाढ़ के पानी में फंसी हुई हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क है। समूचे बस्तर संभाग में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से इंद्रावती नदी समेत अन्य नदियां उफान पर हैं। संभाग में पिछले 24 घंटे में औसत बारिश 100 एमएम के पार पहुंच चुकी है।
बस्तर संभाग के बीजापुर जिले का महाराष्ट्र और तेलंगाना संपर्क कट गया है। वहीं दंतेवाड़ा जिले के नकुलनार में लैंड स्लाइड की स्थिति बनी। बात करें बस्तर जिले की तो यहां पर बारिश का दौर लगातार जारी है और इस वजह से इंद्रावती नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी है। बाढ़ प्रभावित रहने वाले गांवों से लोग बाहर निकाले जा रह हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सभी जिलों में प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील जारी की है।
कोण्डागांव के अंबेडकर वार्ड नहरपारा में तालाब सौंदर्यीकरण निर्माण के लिए खोदे गए नाले में गुरुवार की सुबह एक बच्ची के गिरकर डूब जाने से उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन स्थल से सटकर ही मृतिका चंदनी पिता मानसिंग का घर है जहां वह सुबह पिछले दरवाजे के पास कुछ कर रही थी तभी उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में चली गई।
धमतरी जिले में नगरी क्षेत्र के एनीकट में मछली पकड़ने गया युवक धनंजय उफनती नदी में बह गया। घटना के 48 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन तेज बहाव राहत कार्य में बाधा बना हुआ है। इधर, गोबरा नवापारा के लखना गांव के तालाब में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान दंतेवाड़ा के बड़े बचेली में 19 सेमी, गरियाबंद के कोमाखान में 14 सेमी, बीजापुर और ओड़गी में 13 सेमी, जबकि बागबाहरा, सुकमा, गोबरा नवापारा और मैनपुर सहित कई क्षेत्रों में 10 से 12 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई। अब तक प्रदेश में 525.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य श्रेणी में है। 33 जिलों में केवल सरगुजा, मनेंद्रगढ़, कांकेर, जशपुर और बेमेतरा में सामान्य से कम वर्षा दर्ज हुई है, जबकि रायपुर में 616.2 मिमी बारिश के साथ सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।
जांजगीर 727.6 45
महासमुंद 719.8 44
गरियाबंद 695.1 38
बालोद 656.5 34
बलाैदाबाजार 616.1 35
रायपुर 616.2 29
Updated on:
31 Jul 2026 06:50 am
Published on:
31 Jul 2026 06:50 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
