बेमेतरा

बेमेतरा अस्पताल में मरीजों को अब मिलेगा शुद्ध पानी, पत्रिका की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रबंधन ने सुधारीं RO मशीनें

Bemetara District Hospital: बेमेतरा जिला अस्पताल और मदर चाइल्ड हॉस्पिटल की खराब RO मशीनों की पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद मरम्मत करा दी गई है।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 11:54 AM IST
Patrika News Impact
बेमेतरा अस्पताल में मरीजों को अब मिलेगा शुद्ध पानी (Photo Source- Patrika)

Patrika News Impact: बेमेतरा जिला अस्पताल और मदर चाइल्ड हॉस्पिटल में लंबे समय से खराब पड़ी आरओ मशीनों की आखिरकार मरम्मत करा दी गई है। पत्रिका में अस्पतालों में बिना फिल्टर किए पेयजल की आपूर्ति और मरीजों की सेहत से जुड़े खतरे को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया। प्रबंधन ने तत्काल मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कराई और मंगलवार को दोनों अस्पतालों की आरओ मशीनों को दुरुस्त करा दिया गया। अब यहां इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को फिल्टर पानी की आपूर्ति हो रही है।

Patient Safety: एक साल से फिल्टर सिस्टम था बंद

जानकारी के अनुसार, चार आरओ मशीनों में से तीन मशीनों के माध्यम से पानी की आपूर्ति तो की जा रही थी, लेकिन फिल्टर सिस्टम काम नहीं करने के कारण पानी का ट्रीटमेंट नहीं हो रहा था। वहीं एक मशीन पूरी तरह खराब थी। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को सीधे टंकी से आने वाले पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा था। इससे जलजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ था।

डॉ. लोकेश साहू, सिविल सर्जन, बेमेतरा के अनुसार सभी खराब आरओ मशीनों की मरम्मत करा दी गई है। वर्तमान में मरीजों और उनके परिजनों को फिल्टर पानी की आपूर्ति की जा रही है।

पड़ताल में मशीनों की फिल्टर सिस्टम खराब मिले

उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल और मदर चाइल्ड हॉस्पिटल में रोजाना 1200 से अधिक में मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही रहती है। दोनों संस्थानों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कुल चार आरओ मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन लंबे समय से इनके खराब होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मशीनों के फिल्टर सिस्टम काम नहीं करने के बावजूद पेयजल की आपूर्ति जारी थी। शिकायत मिलने पर पत्रिका की टीम ने अस्पताल पहुंचकर पड़ताल की थी। मौके पर आरओ मशीनों के फिल्टर सिस्टम बंद मिले थे। इसके बावजूद मरीजों और उनके परिजनों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा था।

खारा प्रभावित क्षेत्र में शुद्ध पानी की जरूरत

गौरतलब है कि बेमेतरा जिले को खारा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है। ऐसे में अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना और भी जरूरी हो जाता है। खासकर जिला अस्पताल और मदर चाइल्ड हॉस्पिटल जैसे संस्थानों में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही मरीजों के स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। पत्रिका में मामला सामने आने के बाद प्रबंधन ने मशीनों की मरम्मत कराई। अब चारों आरओ मशीनों के दुरुस्त होने से मरीजों को राहत मिली है।

Updated on:
20 Nov 2026, 11:54 AM IST
Published on: