
Chhattisgarh Education News: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों को शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूर्णत: नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से 22 जून से 3 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।
पात्र विद्यार्थी श्रम विभाग के श्रमेव जयते ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निकटतम श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर अथवा कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला बेमेतरा के माध्यम से भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।
योजना के तहत ऐसे निर्माण श्रमिकों के बच्चों को लाभ प्रदान किया जाएगा, जिनका पंजीयन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से वैध रूप से दर्ज हो। योजना का लाभ श्रमिक की प्रथम दो संतानों को दिया जाएगा, जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों। प्राप्त आवेदनों में पात्र विद्यार्थियों का चयन होगा।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रदेश के चयनित उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में प्रवेश प्रदान किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक पूर्णत: नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
चयन मेरिट आधार पर होगा चयन
बच्चों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। आवेदन के लिए श्रमिक का पंजीयन कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, छात्र का आधार कार्ड, पिछली कक्षा की अंकसूची, अध्ययन प्रमाण-पत्र और स्वघोषणा पत्र जरूरी होंगे। अधिक जानकारी के लिए जिला श्रम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।