9 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बेमेतरा में भीषण सड़क हादसा, कार की टक्कर से हवा में उछले 4 बाइक सवार, हालत नाजुक

Road Accident: बेमेतरा में नेशनल हाईवे पर कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में 4 बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद चारों हवा में उछलकर दूर जा गिरे। सभी को रायपुर रेफर किया गया।
2 min read
Google source verification
palwal road accident

हरियाणा के पलवल में केएमपी एक्सप्रेस-वे सड़क हादसा। प्रतीकात्मक तस्वीर - पत्रिका

Bemetara Road Accident: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बेमेतरा से सिमगा जाने वाले मुख्य मार्ग पर ग्राम गुनरबोड़ के आगे कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक सवार चार लोग उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरे। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

टक्कर के बाद दूर जा गिरे बाइक सवार

जानकारी के मुताबिक, हादसा बेमेतरा-सिमगा मुख्य मार्ग पर ग्राम गुनरबोड़ के बाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार और बाइक के बीच आमने-सामने हुई टक्कर बेहद जोरदार थी। टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चारों लोग उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में घायल लोगों की पहचान कुश डेहरे, प्रवीण डेहरे, सागर सोनकेवरे और आकाश घृतलहरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बाइक सवार ग्राम ढोकला के निवासी हैं।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर 108 एंबुलेंस की टीम और सिटी कोतवाली पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बेमेतरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर करने का निर्णय लिया। इनमें से दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पहले ही रायपुर भेज दिया गया था, जबकि जिला अस्पताल में इलाज करा रहे दो अन्य घायलों को भी बाद में रायपुर रेफर कर दिया गया।

सिविल सर्जन ने दी जानकारी

बेमेतरा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने बताया कि हादसे में घायल चारों लोगों की स्थिति गंभीर थी। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को रायपुर रेफर किया गया है। दो घायलों को पहले ही रायपुर भेजा जा चुका था, जबकि अस्पताल में भर्ती दो अन्य घायलों को भी रायपुर रेफर किया गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कार और बाइक की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक और वाहन की स्थिति का भी जायजा लिया गया है।

नेशनल हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल चारों घायलों का रायपुर में इलाज जारी है।