
बेमेतरा . शराब, जुआ, सट्टा जैसे सामाजिक बुराइयों से लडऩे के लिए अब गांव-गांव में महिलाओं को तैयार किया जा रहा है। महिला कमांडो व पुलिस जवान गांव-गांव में बैठक लेकर तरह-तरह के अपराधों की जानकारी देकर उनसे बचने के उपाय बता रहे हैं। चिटफंड कंपनी, एटीएम से धोखाधड़ी सहित साइबर क्राइम से बचने के लिए उपाय बताए जा रहे हैं। विशेषकर महिलाओं को जागरुक किया जा रहा है। इसके साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर महिला कमांडो एवं सहेली समूह की संयोजिका सबीना खान जिले में अभियान चला रही हैं।
स्वस्थ्य मन के लिए स्वच्छता जरूरी
बेमेतरा ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद, फरी, खिलोरा, हथमुड़ी, कंतेली की महिला कमांडो की बैठक ली। उन्हें इन सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही स्वस्थ्य मन के लिए स्वच्छता का होना जरूरी है। इसके लिए अपने घर व ग्राम से शुरुआत करने प्रेरित किया गया। साथ ही स्वावलंबी बनकर खुद का व्यवसाय खड़ा करने जानकारी दी गई। इससे पूर्व इन पांच गांव की महिलाओं ने ओटेबंद के सांस्कृतिक भवन में महिला कमांडो की जिला अध्यक्ष व समाजसेविका सबीना खान, सरपंच भाव सिंह राज व अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। साथ ही ग्राम में सामाजिक बुराई शराब, जुआ, सट्टा को बंद कराने में आ रही परेशानियों से भी अवगत कराया।
थाने में दें अपराधियों की सूचना, पुलिस करेगी कार्रवाई
सबीना खान व अन्य सदस्यों ने कहा कि जो भी व्यक्ति समाज व ग्राम में सामाजिक बुराइयों में लिप्त रहता है। उसे तीन बार सूचना देकर मना करें और नहीं मानने पर समीप के थाने में शिकायत करें। जिस पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। बैठक में नवागढ़ की बिंदिया गेण्ड्रे, ज्योति, सुनीता, रनिया दिव्य, ओटेबंद की जामुनराज, नेमीन साहू, थनेश्वरी साहू, खिलोरा की सुशीला साहू, अहिल्या साहू, खिलेश्वरी सिन्हा, कंतेली की गोदावरी वर्मा, रेखा वर्मा, देवकी मिश्रा, फरी की शिव बाई बारले एवं हथमुड़ी से आशा दीवान, द्रोपति निषाद आदि उपस्थित थीं।
स्वार्थ से नहीं, देशहित में सामाजिक बुराई को मिटाएं
सामाजिक कार्यकर्ता सबीना खान ने कहा कि हमें शासन या प्रशासन की तरफ से कुछ मिलेगा, इसका लालच नहीं करना है। बस हमें देशहित में इन सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिये कार्य करना है, क्योंकि जो भी सामाजिक बुराइयों से जुड़ा हुआ है, वह कहीं न कहीं हमारे परिवार व ग्राम एवं मोहल्ले का ही व्यक्ति है। इसलिए हमें किसी आशा व स्वार्थ को नहीं देखना है। जिस दिन हम अपना स्वार्थ छोड़कर यह कार्य करेगें, खुद ही इन सामाजिक बुराइयों को मिटाने में एक हद तक सफलता मिलेगी।
महिलाओं ने जाना साइबर क्राइम से बचने का तरीका
ग्राम हेमाबंद में महिला कमांडो व अन्य महिलाओं को गुड टच - बेड टच और साइबर क्राइम की जानकारी दी गई। इसके साथ-साथ नशा मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए शराब और जुट्टा-सट्टा जैसे सामाजिक बुराई से अपने परिवार को बचाकर रखने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में बतौर अतिथि मौजूद बेमेतरा एसडीओपी राजीव शर्मा व महिला कमांडो की जिलाध्यक्ष सबीना खान ने कहा कि गांव में किसी भी तरह का अनैतिक कृत्य होने पर इसकी जानकारी तत्काल संबंधित थाना में दें। इसके साथ-साथ 100 नंबर डायल करके भी घटना की जानकारी दी जा सकती है। इस कार्यक्रम में ग्राम हेमाबंद की अध्यक्ष कमांडो प्रमुख पद्मा टंडन, सचिव ज्योति टंडन, कुरदा अध्यक्ष संतोषी सेन, सचिव मनमत बाई ध्रुव, निशा जांगड़े, पार्वती निषाद, संतोषी सोनी, अश्वनी नेताम, हेमीन चतुर्वेदी, लक्ष्मी वारे, मोहतरा सरपंच योगिता पटेल, स्वाति महेश वारे आदि उपस्थित थे।