
Crime News: बेमेतरा जिले के परपोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कामकावाड़ा पंचायत के आश्रित ग्राम बुडेरा में गुरुवार को बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। पति-पत्नी के शव उनके घर के आसपास अलग-अलग स्थानों पर मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलते ही परपोड़ी पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान बलीराम साहू (75 वर्ष) और उनकी पत्नी कजरी बाई साहू (70 वर्ष) के रूप में हुई है। कजरी बाई का शव मकान के अंदर मिला, जबकि बलीराम साहू का शव घर के सामने मुख्य मार्ग के पास पड़ा था। दोनों की मौत कैसे हुई। फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बताया गया कि घटना का खुलासा सुबह करीब 11 बजे हुआ। मृतक का नाती तोमेश साहू स्कूल जाते समय घर की चाबी देने बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचा था। इसके बाद दूसरा नाती विकास साहू (19) वहां पहुंचा। उसने अपनी दादी को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर रखा।
ग्रामीणों के अनुसार, बलीराम साहू और कजरी बाई पिछले करीब पांच वर्षों से इस मकान में अकेले रह रहे थे। उन्हें योजना के तहत आवास मिला था। उनके चार पुत्र और एक पुत्री है। दो बेटे नरोत्तम और गुलेंद्र गांव में ही रहते हैं जबकि नरेश रायपुर और अशोक नागपुर में कार्यरत हैं। बेटी गुलापा बाई नवागांव, बेमेतरा में रहती हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर सहित अन्य स्थानों से परिजन गांव पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना वाली रात गांव में कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इससे ग्रामीण घटना के देर रात होने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है। ग्रामीणों के मुताबिक बुजुर्ग दंपती का व्यवहार मिलनसार था और किसी से विवाद या दुश्मनी की जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी रुचि वर्मा भी कामकावाड़ा पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड की मदद से भी संभावित सुराग तलाशे गए। खोजी कुत्ता बुजुर्ग दंपती के घर से निकलकर मुख्य मार्ग होते हुए कामकावाड़ा तिराहे तक गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एसडीओपी रुचि वर्मा ने बताया कि कामकावाड़ा में दो बुजुर्गों की मृत्यु की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई की है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अब तक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी व्यक्ति को कोई जानकारी हो तो वह जांच में सहयोग करे।