
Bemetara Gold Price: छत्तीसगढ़ में सोना महज आभूषण नहीं, बल्कि परंपरा, समृद्धि और परिवार की आर्थिक सुरक्षा का प्रतीक है। शादी-ब्याह और त्योहारों के सीजन में सराफा बाजारों में खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में सोने की बढ़ती कीमतों के बीच ग्राहकों के लिए उसकी शुद्धता सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी हो गया है। हाल के दिनों में सोने में वजन बढ़ाने के लिए रेनियम जैसी भारी औद्योगिक धातु के इस्तेमाल की आशंकाओं को लेकर चर्चाएं सामने आई हैं। हालांकि, ऐसी चर्चाओं से घबराने के बजाय ग्राहकों को जागरूक रहते हुए प्रमाणिकता के आधार पर खरीदारी करनी चाहिए।
रेनियम एक दुर्लभ और महंगी औद्योगिक धातु है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से जेट इंजन के पुर्जों और पेट्रोलियम रिफाइनरी से जुड़े उपकरणों में किया जाता है। इसका घनत्व सोने के करीब होने के कारण सोने में मिलावट की आशंकाओं को लेकर चर्चा हो रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, केवल बाहरी चमक या वजन के आधार पर सोने की शुद्धता का अंदाजा लगाना संभव नहीं है। इसलिए अनजान स्रोतों से खरीदारी करने और असामान्य छूट के लालच में आने से बचना चाहिए। प्रतिष्ठित कारोबारियों से खरीदारी के साथ जरुरी दस्तावेज भी सुनिश्चित करने चाहिए।
अक्सर ग्राहक पीढिय़ों से चले आ रहे पारिवारिक संबंधों और सुनार पर भरोसे के आधार पर गहने खरीदते हैं। यह भरोसा अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन महंगे निवेश के मामले में आधुनिक जांच और सरकारी मानकों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। कई बार कम मेकिंग चार्ज या भारी छूट के आकर्षण में ग्राहक हॉलमार्क और पक्केे बिल की अनदेखी कर देते हैं। इसका नुकसान भविष्य में गहने बेचने या बदलने के दौरान उठाना पड़ सकता है।
एक्सआरएफ मशीन: एक्स-रे फ्लोरेसेंस तकनीक से गहने को नुकसान पहुंचाए बिना उसकी सतह पर मौजूद धातुओं और उनकी मात्रा का विश्लेषण किया जाता है। हालांकि, केवल सतह की जांच से गहने के अंदरूनी हिस्से की पूरी संरचना की पुष्टि नहीं होती।
फायर ऐसे टेस्ट: यह सोने की मात्रा निर्धारित करने की मान्य और सटीक विश्लेषणात्मक विधि है। इसमें नमूने की जांच कर सोने की वास्तविक मात्रा का आकलन किया जाता है।
बीआईएस मान्यता प्राप्त केंद्र: भारतीय मानक ब्यूरो से मान्यता प्राप्त जांच केंद्रों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आभूषणों की शुद्धता की जांच कराई जा सकती है।
शहर के सराफा कारोबारी सुशील शर्मा ने कहा कि सोने में रेनियम जैसी धातु की मिलावट को लेकर चर्चाएं सामने आ रही हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि सामान्य कैरेटोमीटर से ऐसी मिलावट पकडऩा मुश्किल हो सकता है। ऐसे मामलों में सही जांच और पुष्टि के लिए भारतीय मानक ब्यूरो की निर्धारित जांच प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। वहीं, सराफा कारोबारी संजय भूतड़ा ने कहा कि ग्राहक सोने की शुद्धता और हॉलमार्किंग की जानकारी के लिए बीआईएस केयर ऐप का उपयोग कर सकते हैं। खरीदारी के समय हॉलमार्क और जीएसटी बिल अवश्य लेना चाहिए। बिल में गहने से संबंधित सभी जरूरी जानकारियां दर्ज होने से उपभोक्ता के हित सुरक्षित रहते हैं।
बीआईएस हॉलमार्क जरूर देखें: आभूषण पर बीआईएस का हॉलमार्क और निर्धारित पहचान चिह्न मौजूद होना चाहिए।
शुद्धता का अंकन जांचें: 22 कैरेट सोने पर 916, 18 कैरेट पर 750 और 14 कैरेट पर 585 का अंकन होता है।
छह अंकों का एचयूआईडी कोड जांचें: हॉलमार्क वाले आभूषण पर छह अंकों का यूनिक हॉलमार्किंग आइडेंटिफिकेशन (एचयूआईडी) कोड होता है। इसेबीआईएस केयर ऐप के माध्यम से जांचकर आभूषण और उसकी हॉलमार्किंग संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
पक्का जीएसटी बिल जरूर लें: खरीदारी के समय बिल में सोने का वजन, शुद्धता, मेकिंग चार्ज और लागू कर का विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज कराएं। इससे भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में उपभोक्ता के पास खरीदारी का प्रमाण रहेगा।