बेमेतरा

Murder Case: नाचते-नाचते मौत! शोभायात्रा में विवाद के बाद युवक की निर्मम हत्या, पुलिस ने नाबालिग को किया गिरफ्तार

Murder Case: बैंड-बाजे की धुन पर नाच रहे 24 वर्षीय अमन ध्रुव पर नाबालिग ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
2 min read
Apr 11, 2026
पुलिस ने नाबालिग को किया गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
पुलिस ने नाबालिग को किया गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Murder Case: बेमेतरा जिले में धार्मिक शोभा यात्रा के दौरान कोतवाली पुलिस ने अमन धु्रव हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए एक नाबालिग को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों शोभा यात्रा के दौरान चाकूबाजी से घायल हुए 24 वर्षीय अमन की सिम्स बिलासपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

बिलासपुर पुलिस से मर्ग डायरी मिलने के पश्चात पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की इसके लिए 19 सदस्यीय टीम का गठन किया गया। इस प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। प्रकरण में गिरफ्तार नाबालिग को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह दुर्ग भेज दिया गया।

इस अंधे कत्ल को सुलझाने में निरीक्षक सोनल ग्वाला, निरीक्षक मयंक मिश्रा, सउनि. जितेन्द्र कश्यप, प्रधान आरक्षक रघुराज यदू, चंद्रशेखर राजपूत सहित सायबर सेल और कोतवाली पुलिस के 19 जवानों की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है।

बैंड-बाजे की धुन पर नाच रहा था अमन

इस संबंध में प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने बताया कि शोभायात्रा में नाचने के दौरान हुए विवाद में युवक पर नाबालिग ने प्राणघातक हमला किया था। 3 अप्रैल रात करीब 10 बजे शोभा यात्रा प्रताप चौक पहुंची। यहां वार्ड 15 निवासी अमन धु्रव साउंड सिस्टम और बैंड बाजे की धुन पर नाच रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पेट के दाहिने हिस्से में किसी धारदार वस्तु से वार कर दिया।

तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

कोतवाली प्रभारी सोनल ग्वाला व साइबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा की टीम ने रैली में मौजूद लोगों से पूछताछ की और तकनीकी उपकरणों (सीसीटीवी व मोबाइल लोकेशन) की मदद ली। जांच में पता चला कि घटना वाली रात अमन का एक नाबालिग के साथ विवाद हुआ था। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उक्त बालक से पूछताछ की तो उसने झगड़े के दौरान धारदार हथियार से वार करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

नशे की हालत में था नाबालिग

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग नशे का आदी था और शोभा यात्रा के दौरान नशा करके पहुंचा था। मामूली विवाद में उसने मृतक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में युवक की मौत हो गई।

चाकूबाजी की वारदात को बताया सडक़ हादसा

हमले में अमन के घायल होने के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने उसके बड़े भाई को फोन पर सूचना दी उसके बाद मृतक का बड़ा भाई मौके पर पहुंचा और उसे इलाज के लिए रायपुर मार्ग स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां मृतक ने अपने बड़े भाई को चाकूबाजी की घटना की बात को छिपाकर सडक़ हादसे में घायल होना बताया। प्राथमिक उपचार के पश्चात मृतक को घर वापस लाया गया।

Updated on:
11 Apr 2026 06:20 pm
Published on:
11 Apr 2026 06:19 pm