बेमेतरा

Nagpur blast linked: नागपुर ब्लास्ट के तार बेमेतरा फैक्ट्री विस्फोट से जुड़े, 25 लोगों की हुई थी मौत

Nagpur Blast News: बेमेतरा फैक्ट्री विस्फोट से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। 25 लोगों की जान लेने वाले मामले में SBL एनर्जी, रायपुर स्थित कार्यालय और अन्य पहलुओं की जांच तेज हो गई है।
2 min read
Jul 01, 2026
Nagpur Blast linked
फैक्ट्री ब्लास्ट (Photo patrika)

Nagpur blast linked: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के विस्फोटक कारखाने में हुए भीषण धमाके की जांच अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच गई है। 1 मार्च 2026 को महाराष्ट्र के नागपुर जिले के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में हुए विस्फोट में 25 श्रमिकों की जान चली गई थी। 2024 में बेमेतरा स्थित एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में धमाके के तार भी इसी कंपनी से जुड़े बताएं जा रहे हैं।

नागपुर पुलिस की दबिश

नागपुर पुलिस की टीम ने दो दिन पहले रायपुर के फाफाडीह स्थित कंपनी कार्यालय में दबिश दी और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मिलकर कंपनी के संचालकों आलोक चौधरी और संजय चौधरी की तलाश की, लेकिन दोनों फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।

अमरीका ने चौधरी बंधु समेत 8 लोगों को बैन किया

सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों और अमरीकी ट्रेजरी विभाग की कार्रवाई के अनुसार, अमरीका ने सूडान में चल रहे गृहयुद्ध में विस्फोटकों की कथित आपूर्ति के आरोप में एसबीएल एनर्जी लिमिटेड, उसके सीईओ आलोक चौधरी समेत आठ व्यक्तियों एवं संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया है। अमरीकी एजेंसियों का आरोप है कि कंपनी ने सूडान को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भेजी, जिसका इस्तेमाल युद्ध में किया गया। कंपनी ने इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष अलग तरीके से रखा है।

नागपुर में 25 लोगों की हुई थी मौत

नागपुर की घटना ने बेमेतरा फैक्ट्री विस्फोट की याद भी ताजा कर दी है। 25 मई 2024 को बेमेतरा स्थित एसबीएल की फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में नौ लोगों की मौत हुई थी। दोनों घटनाओं के बाद सुरक्षा मानकों, विस्फोटक निर्माण और कंपनी प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। अब नागपुर पुलिस की जांच की दिशा रायपुर तक पहुंचने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच एजेंसियां कंपनी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

ये हैं सुलगने सवाल

  1. बेमेतरा फैक्ट्री में हादसे के बाद अभी तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई, दोषियों पर कार्रवाई नहीं।
  2. एसबीएल एनर्जी के संस्थापक संजय चौधरी व सीईओ आलोक चौधरी पर राज्य पुलिस की कार्रवाई क्यों नहीं?
  3. पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी आर्गनाइजेशन ने भी कंपनी की भूमिका संदिग्ध बताया था।
  4. बेमेतरा में 2022 से फैक्ट्री बंद बताई जा रही थी, लेकिन अचानक धमाकों में 9 लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस कमिश्नर ने कहा

रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने कहा एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के राजधानी स्थित ठिकानों पर छापेमारी के लिए नागपुर पुलिस ने हमसे संपर्क किया था। देवेंद्र नगर थाने की टीम के साथ हमने सहायता उपलब्ध कराई थी।

Published on:
01 Jul 2026 01:18 pm