बेमेतरा

School Roof Collapse: बेमेतरा में बड़ा हादसा, चलती क्लास में सरकारी स्कूल की छत का हिस्सा गिरा, 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल

Chhattisgarh News:बेमेतरा के थानखमरिया क्षेत्र के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में बड़ा हादसा हुआ। चलती क्लास के दौरान छत का हिस्सा गिरने से 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखमरिया में जारी है।
2 min read
Jul 13, 2026
School Roof Collapse
सरकारी स्कूल की छत का हिस्सा गिरा (photo Patrika)

Roof Collapse: बेमेतरा जिले के थान खमरिया क्षेत्र से सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में कक्षा के दौरान अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कक्षा में छात्र पढ़ाई कर रहे थे। मलबे की चपेट में आने से तीन स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्कूल परिसर में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थानखमरिया पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पढ़ाई के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कक्षा नियमित रूप से संचालित हो रही थी। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर और अन्य हिस्सा टूटकर बच्चों के ऊपर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर स्कूल स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

तीन बच्चों की हालत गंभीर

हादसे में घायल तीनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखमरिया में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने शुरू की जानकारी जुटाना

घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। स्कूल भवन की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर भवन की जर्जर स्थिति को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

स्कूल भवनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर सरकारी स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने जर्जर भवनों की समय पर मरम्मत कराने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल तीनों घायल बच्चों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखमरिया में जारी है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

माना के राय पब्लिक स्कूल में छात्र के ऊपर गिरा पंखा

रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित राय पब्लिक स्कूल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। स्कूल की कक्षा में बैठे एक 10 वर्षीय छात्र के ऊपर अचानक पंखा गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में छात्र की आंख में चोट आई है। घटना के बाद नाराज अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रबंधन की लापरवाही को लेकर विरोध जताया। जानकारी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान लक्ष्य पाल के रूप में हुई है, जो राय पब्लिक स्कूल में कक्षा 4वीं का छात्र है। बताया जा रहा है कि छात्र अन्य बच्चों के साथ कक्षा में बैठा हुआ था, तभी अचानक छत पर लगा पंखा टूटकर उसके ऊपर गिर गया।

Updated on:
13 Jul 2026 05:52 pm
Published on:
13 Jul 2026 05:52 pm