
बेमेतरा/अंधियारखोर. अंधियारखोर के निकट ग्राम पड़कीडीह और नगधा में शुक्रवार रात करीब 12 बजे बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे गांव में दो दिनों से ब्लैक आउट की स्थिति है। बिजली नहीं होने से पड़कीडीह के लोग पानी के लिए हैंडपंप के सामने कतार लगा रहे हैंं।
संस्थानों में सन्नाटा पसरा हुआ
वहीं दूसरी ओर ग्राम नगधा के रहवासी हाफ नदी का पानी पीने को मजबूर हैं। बताना होगा की पड़कीडीह, बेमेतरा और नवागढ़ के बीच का बड़ा व्यावसायिक केंद्र है, यहां सभी प्राथमिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध है। लेकिन बिजली बंद होने से बिजली दुकान, हॉलर मिल, कंप्यूटर सेंटर, बैंक सहित तमाम बिजली पर निर्भर संस्थानों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
उबालकर पानी पीने को मजबूर हुए ग्रामीण
हैण्डपम्प में बरसात के कारण खराब पानी आ रहा है, जिसे लोग जो पीने के लायक नहीं होने के बाद भी लोग पीने को मजबूर हैं। पड़कीडीह निवासी अनिल मिश्र व कैलाश सोनी ने कहा कि बिजली न होने से हैंडपंप पर निर्भर हो गए हैं, जिसका पानी उबालकर पी रहे हैं। विद्युत विभाग ट्रांसफार्मर सुधारने पर ध्यान नहीं दे रहा है।
गंभीर पेयजल संकट
बिजली बंद होने से सबसे ज्यादा पेयजल को लेकर परेशानी लोगों को उठानी पड़ रही है। पड़कीडीह में एकमात्र सार्वजनिक हैंंडपंप मां बंजारी मंदिर के निकट है, जहां सुबह से महिलाओं की भीड़ दिखी और दूसरा हैंडपंप प्रायमरी स्कूल परिसर के भीतर है। मजबूरी में बच्चे स्कूल की बाउंड्रीवॉल लांघकर पानी के लिए मशक्कत करते दिखे।
जेई नवागढ़ जीपी वर्मा ने बताया कि ट्रांफार्मर जलने की जानकारी शनिवार को ही मिली है। आज रविवार होने के कारण 100 की क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं आ पाया है। कल सोमवार को डिपो से नया ट्रांसफार्मर आने के बाद लगा दिया जाएगा।