बैतूल

बैतूल में बैंक के असिस्टेंट मैनेजर के साथ मिलकर FD से निकाले 1.14 करोड़, नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार

Bank FD Fraud: मोबाइल नंबर बदलकर नेट बैंकिंग के जरिए किया लेन-देन, जिंदा लोगों को मृत बताकर FD से निकाले 1.14 करोड़ रुपये।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 7:25 PM IST
betul police
betul police, फ्रॉड केस के आरोपी और खुलासा करती पुलिस (Source-Betul Police Facebook Page)

Betul Bank FD Fraud: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा में खाताधारकों के साथ कथित वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मामले में करीब 1.14 करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। बोरदेही पुलिस ने बैंक के सहायक प्रबंधक लुकेश गोखे, गौरव सूर्यवंशी और एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपियों से छह मोबाइल फोन, सोना-चांदी और एक कार सहित करीब 22.33 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

जिंदा लोगों को मृत बताकर निकाले रुपये

पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2026 से बैंक खातों में कथित गड़बड़ी की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खाताधारकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर बदलकर नेट बैंकिंग के माध्यम से लेनदेन किए गए। आरोप है कि फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर खाताधारकों की एफडी भी तुड़वाई गई। निकाली गई राशि रिश्तेदारों और अन्य खातों में ट्रांसफर की गई। इस रकम से कार सहित अन्य संपत्ति खरीदने की जानकारी भी मिली है। जांच के दौरान करीब 10 बार मोबाइल नंबर बदले जाने की बात सामने आई है।

छह मामलों में दर्ज हैं अपराध

बोरदेही थाने में खाताधारकों की शिकायतों पर छह अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। इनमें ज्योति रघुवंशी के खाते से 4.86 लाख रुपए, फूलवंती के खाते में 2.74 लाख रुपए, इंद्रेश रघुवंशी के खाते में 1.85 लाख रुपए और भोजराज सोनी के खाते में 5.50 लाख रुपए के कथित अनधिकृत लेनदेन की शिकायत शामिल है। इसके अलावा रागिनी साहू के खाते से 1.55 लाख रुपए निकालने और विवेक सोनी के खाते से राशि के कथित फर्जी हस्तांतरण का मामला भी दर्ज है।

22.33 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों से करीब 65 हजार रुपए के छह मोबाइल फोन, 8.28 लाख रुपए का सोना, 1.40 लाख रुपए की चांदी और लगभग 12 लाख रुपए कीमत की कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति के स्रोत और मामले से उसके संबंध की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में बैंक खातों के लेनदेन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से बैंक खातों और एफडी की नियमित जांच करने तथा किसी भी संदिग्ध लेनदेन की सूचना तत्काल बैंक और पुलिस को देने की अपील की है। साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की जा सकती है।

Updated on:
24 Oct 2026, 7:25 PM IST
Published on: