बेतुल

बाथरूम में मृत मिली बैतूल में बड़े बिजनेसमैन की पत्नी, आरोप- ‘घर में नौकरानी की तरह रखते थे’

Businessman Wife Death Case:करीब 10 साल पहले हुई थी शादी, दो महीने पहले ही दूसरी बेटी को दिया था जन्म, बड़ी बेटी 9 साल की है, मृतका की बड़ी बहन का आरोप- 'देवर की शादी रसूखदार परिवार में होने क बाद से बहन को नौकरानी बनाकर रखा जाता था।'
2 min read
Jul 05, 2026
betul
businessman wife found dead in bathroom family alleges harassment, मृतका रंजिता यादव की जीवित अवस्था की तस्वीर (source-patrika)

Betul Businessman Wife Death: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला नगर के तहसीलदार चाल क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब साहूकार परिवार की बड़ी बहू और कपड़ा कारोबारी प्रशांत यादव की पत्नी रंजिता यादव (37) का शव घर के बाथरूम में मिला। परिजन रंजिता को बेसुध हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रंजिता की मौत की खबर मिलने के बाद पहुंची उसकी बड़ी बहन ने सास-ससुर व देवरानी पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।

करीब 10 साल पहले हुई थी शादी

रंजिता यादव की शादी करीब 10 साल पहले प्रशांत यादव के साथ हुई थी। रंजिता ने दो महीने पहले ही दूसरी बेटी को जन्म दिया था, उनकी बड़ी बेटी 9 साल की है। बताया गया है कि रंजिता बाथरूम में शॉवर के पाइप से फंदे पर लटकी मिली। परिजनों के अनुसार करीब 45 मिनट तक बाथरूम का दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया तो रंजिता फंदे पर लटकी मिली। परिवार के लोग आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रंजिता को मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल से मेमो मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

देखें वीडियो-

'मेरी बहन सपने देखती थी, मौत नहीं'

मृतका रंजिता की बड़ी बहन विजेता यादव ने बताया कि रंजिता एमकॉम शिक्षित थी और विवाह से पहले नौकरी भी कर चुकी थी। विवाह के बाद उसने परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं। वो अपनी बड़ी बेटी प्रिशा (9 वर्ष) को खिलाड़ी और छोटी बेटी शार्वी (2 माह) को आईएएस अधिकारी बनाना चाहती थी। ऐसे में उसका यह कदम पूरे परिवार के लिए अविश्वसनीय है। इस दौरान बहन विजेता ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि शादी के पहले बताया गया था कि रंजिता का पति प्रशांत नागपुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है लेकिन शादी के बाद पता चला कि वो आमला में कपड़े का कारोबारी है। बहन का आरोप है कि ससुर सुरेंद्र यादव, सास पुष्पा यादव और देवरानी मुस्कान यादव लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

'देवर की शादी के बाद नौकरानी बनाकर रखते थे'

मृतका रंजिता की बहन विजेता ने आरोप लगाया है कि- समाजिक समारोह में भी सास-ससुर के गाली-गलौज, ताने और अपमान से रंजिता परेशान रहती थी। वर्ष 2022 में प्रशांत के छोटे भाई अंकित की शादी मुस्कान नामक युवती से होने के बाद रंजिता के साथ ससुरालवालों का व्यवहार और अधिक खराब हो गया। आरोप है कि मुस्कान के प्रभावशाली परिवार से संबंध होने के कारण उसे विशेष महत्व दिया जाता था, जबकि रंजिता से घर के सभी काम कराए जाते थे और उसे कथित रूप से 'पर्सनल नौकरानी' की तरह रखा जाता था। बहन विजेता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में प्रताड़ना या किसी अन्य अपराध के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

Updated on:
05 Jul 2026 04:09 pm
Published on:
05 Jul 2026 04:09 pm