
Betul news: छत्तीसगढ़ के रायपुर से उज्जैन महाकाल के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार बैतूल जिले में परतापुर के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सड़क किनारे खड़े ट्रक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार आठ श्रद्धालु घायल हो गए जिनमें छह को मामूली चोटें आई हैं जबकि दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5 बजे झीटापाटी के पास हुई। रायपुर छत्तीसगढ़ से श्रद्धालुओं का दल अर्टिगा कार से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए निकला था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक को देखकर चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार के अंदर बैठे लोगों की मदद की। वाहन में सवार पारस साहू, तुषार, हरि वर्मा, दीपक राजपूत, कमलेश, कुणाल मोर, पवन साहू सहित अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों ने बताया कि वे तीसरी बार रायपुर से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में अचानक से हादसे का शिकार हो गए। इससे पहले की वे कुछ समझ पाते कार पलट चुकी थी। फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
घटनास्थल पर हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं की हालत पर विशेष नजर रखी जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी चिंतित हो गए और उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।