
Betul Love Triangle Murder: मध्यप्रदेश के बैतूल में पुलिस ने युवक की हत्या का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, आरोपियों में से दो नाबालिग हैं। घटना जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के दुधिया गांव की है जहां 25 अक्टूबर की रात निर्माणाधनी मकान में युवक की हत्या की गई थी। वारदात की वजह लव ट्रायंगल सामने आया है, मृतक और आरोपी एक ही लड़की से बात करते थे और इसे लेकर उनके बीच पुराना विवाद भी था।
बैतूल पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चिचोली थाना क्षेत्र के दुधिया गांव में 25 अक्टूबर की रात एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिला था। शव की पहचान गांव के रहने वाले पवन गंजाम के तौर पर हुई थी। मृतक युवक के गले में गंभीर चोट के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और गांव में की गई पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला और वारदात का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस के मुताबिक पनव गंजाम की हत्या के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें शिवदास गंजाम और जितेन्द्र वरकड़े व दो नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि जिस लड़की से वो बातचीत करते थे उसी से पवन गुंजाम भी बातचीत करता था, इसे लेकर उनके बीच पहले भी विवाद हुआ था। 25 अक्टूबर की रात भी पवन का शिवदास गंजाम के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या की प्लानिंग की। प्लानिंग के तहत आरोपी जितेंद्र वरकड़े पवन को सोने के लिए जगदीश नामक व्यक्ति के निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दरवाजे नहीं लगे थे। जब पवन गहरी नींद में था तभी रात के करीब एक बजे चारों आरोपियों ने उसकी हत्या की थी।