बेतुल

परिवार को लेने जा रहे PWD SDO की मौत, देवास के पास दीवार से टकराई बोलेरो

PWD SDO Accident: बैतूल में PWD विभाग में पदस्थ एसडीओ अपने परिवार को लेने के लिए धार जा रहे थे, इसी दौरान देवास के पास कन्नौद क्षेत्र में उनकी बोलेरो दीवार और लोहे के ढांचे से टकरा गई।

2 min read
Jun 19, 2026
betul
pwd sdo darayav singh parmar dies in road accident, एसडीओ दरयाव सिंह परमार की सड़क हादसे में मौत (source-patrika)

Betul PWD SDO Accident: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में PWD विभाग में पदस्थ एसडीओ की शुक्रवार को देवास जिले के कन्नौद क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एसडीओ अपने परिवार को लेने के लिए बोलेरो गाड़ी से धार जा रहे थे, इसी दौरान कन्नौद क्षेत्र में उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी कांक्रीट की दीवार और लोहे के ढांचे से टकरा गई। हादसे में मौके पर ही एसडीओ दरयाव सिंह परमार की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

सड़क हादसे में एसडीओ की मौत

एसडीओ दरयाव सिंह परमार शुक्रवार को अपने परिवार को लेने के लिए बोलेरो गाड़ी से धार जा रहे थे। इसी दौरान जब वो देवास जिले के कन्नौद क्षेत्र से गुजर रहे थे तभी अचानक उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी दीवार और लोहे के ढांचे से टकरा गई। हादसे में दरयाव सिंह परमार को सीने और सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दरयाव सिंह परमार को कन्नौद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2021 से बैतूल में पदस्थ थे

बताया जा रहा है कि दरयाव सिंह परमार साल 2021 में देवास से ट्रांसफर होकर बैतूल आए थे और वर्तमान में बैतूल जिले में ही पदस्थ थे। जैसे ही दरयाव सिंह परमार की सड़क हादसे में मौत की खबर विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को लगी तो विभाग में शोक का माहौल है। हादसे की सूचना धार में रहने वाले दरयाव सिंह परमार के परिजनों को दे दी गई है। परिवार में उनकी पत्नी व दो बच्चे हैं, जिनमें 12 साल की बेटी और 7 साल का बेटा है। पुलिस के मुताबिक परिजनों के आने के बाद कन्नौद में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसा किन कारणों से हुआ फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।

Published on:
19 Jun 2026 04:00 pm