बैतूल

बैतूल में बारदानों से भरे मकान में लगी भीषण आग, मदद के लिए तरसते रहे लोग

Shahpur House Fire : बैतूल के शाहपुर के पतौवापुरा में खाली बारदानों से भरे मकान में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि, नगर परिषद के जिम्मेदारों ने फोन नहीं उठाया और दमकल समय पर नहीं पहुंची। घटना से अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 6:32 AM IST
Shahpur House Fire
खाली बारदानों से भरे मकान में भीषण आग (फोटो सोर्स: Patrika)

Betul News :मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के अंतर्गत आने वाले शाहपुर के पतौवापुरा इलाके में शनिवार रात एक खाली मकान में अचानक भीषण आग लग गई। मकान में बड़ी संख्या में खाली बारदाने रखे हुए थे। बारदानों ने तेजी से आग पकड़ ली, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मकान से उठती आग की ऊंची - ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। जिस मकान में आग लगी वो प्रेम नारायण गुप्ता नाम के शख्स का बताया जा रहा है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।

घटना के बाद आसपास के लोग अपने - अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। किसी ने घरों से पानी लाकर आग पर डालने का प्रयास किया तो किसी ने निजी टैंकर की मदद ली। इसके बावजूद आग लगातार फैलती रही। बारदानों में लगी आग के कारण मकान धू - धू कर जलता रहा। आसपास के मकानों के भी आग की चपेट में आने की आशंका से लोग दहशत में रहे।

न किसी जिम्मेदार ने फोन उठाया, न ही कार्यालय पर कोई था

घटना के दौरान नगर परिषद से दमकल की मदद न मिलने पर लोगों में खासी नाराजगी देखी गई। इलाके के लोगों का कहना है कि, आग लगने की सूचना देने के लिए नगर परिषद अध्यक्ष के साथ - साथ संबंधित अधिकारियों तक को कई बार फोन लगाए गए, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। हैरानी की बात तो ये रही कि, फोन पर बार बार संपर्क करने के बाद जब लोगों को समझ आ गया कि, कोई जिम्मेदार फोन रिसीव नहीं करने वाला तो कुछ लोग आनन - फानन में परिषद कार्यालय भी पहुंचे, पर वहां भी कोई जिम्मेदार मौजूद नहीं था।

ऐसे में लोगों ने सारनी और घोड़ाडोंगरी से दमकल वाहन बुलाने के प्रयास भी किए, लेकिन दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच सके। ऐसे में लोग अपने संसाधनों से ही आग बुझाने की कोशिश करते रहे। घटना ने नगर परिषद की अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि, दीपावली के सीजन में जब दमकल दलों के साथ - साथ तमाम जिम्मेदारों को अलर्ट मोड पर रहना चाहिए, तब इस तरह की लापरवाही बेहद चिंता का विषय है। लोगों का कहना था कि, आपात स्थिति में दमकल की तत्काल सुविधा नहीं मिलना बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। आला जिम्मेदारों को इस मामले पर सतत: संज्ञान लेते हुए लापरवाही बरतने वालों को खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

Updated on:
8 Nov 2026, 6:32 AM IST
Published on: