
Smart meter electricity theft: बिजली चोरी रोकने और उपभोक्ताओं की खपत पर निगरानी रखने के उद्देश्य से विद्युत वितरण कंपनी घरों में पुराने डिजिटल मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगा रही है, लेकिन बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं ने इस तकनीक में भी सेंध लगाने का रास्ता खोज लिया है। बैतूल शहर में स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी के 17 मामले सामने आ चुके हैं।
विद्युत वितरण कंपनी ने इन मामलों में उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज कर तीन लाख रुपए से अधिक का जुर्माना और बिजली खपत की अंतर राशि के बिल जारी किए हैं। इन मामलों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि केवल तकनीक बदलने से बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जा सकता। हालांकि स्मार्ट मीटर में मौजूद अलर्ट सिस्टम के कारण ही मीटर में छेड़छाड़ के मामले पकड़ आ सके हैं।
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर में इस्तेमाल किए गए सॉफ्टवेयर को इस तरह तैयार किया गया है कि मीटर के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ होने पर वह असामान्य स्थिति का संकेत देने लगता है। मीटर में गड़बड़ी पर बिजली के एम्पीयर में अंतर दिखाई देने लगता है। इससे कंपनी को संबंधित कनेक्शन में बिजली चोरी की आशंका हो जाती है। इसी तरह के संकेत मिलने के बाद कंपनी के कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं के मीटर की जांच की। जांच में सामने आया कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा मीटर में सेंध लगाकर चोरी की जा रही थी। इसके बाद कंपनी ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की।
लाइन काटकर लगाए जुर्माने के बिल स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने के मामले सामने आने के बाद विद्युत वितरण कंपनी ने संबंधित उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई बंद कर दी। साथ ही बिजली चोरी की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। 17 उपभोक्ताओं पर तीन लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया। बिजली खपत में अंतर की राशि भी बिल में जोड़ी गई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि जुर्मान और निर्धारित राशि का भुगतान करने के बाद ही संबंधित उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई दोबारा शुरू की गई।
एक तरफ स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी के मामले पकड़ में आ रहे हैं, दूसरी तरफ इन्हें लगाने को लेकर उपभोक्ताओं का विरोध भी सामने आ रहा है। शहर में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा पुराने डिजिटल मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने का काम जारी है। अब तक करीब आधे बिजली कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। दो दिन पहले तिलक वार्ड और आजाद वार्ड में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे कंपनी के कर्मचारियों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था। उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाने पर आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। विरोध के चलते कंपनी के कर्मचारियों को लगाए गए स्मार्ट मीटर निकालकर दोबारा पुराने डिजिटल मीटर लगाने पड़े।
टाउन वन और टाउन टू में स्मार्ट मीटर में बिजली चोरी के करीब 17 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें तीन लाख का जुर्माना भी वसूल किया गया है। स्मार्ट मीटर लगने से बिजली चोरी के मामले स्वतः पकड़ में आ रहे हैं।- कमलेश खोबरागड़े, जेई विद्युत वितरण कंपनी टाउन वन, बैतूल