Betul News : भोपाल से बैतूल की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की मौत हो गई, जबकि मां की गोद में बैठी ढाई साल की बच्ची उछलकर दूर जा गिरी, जिससे उसके पैरों में चोटें आई हैं।
Betul News :मध्य प्रदेश के बैतूल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी ढाई साल की बच्ची घायल हुई है। बताया जा रहा है कि, बच्ची के दोनों पैरों में चोटें आई हैं। हादसे के बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पति-पत्नी के शव का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है। दूसरी तरफ घटना की जानकारी लगते ही मृतकों के परिजन के बीच कोहराम मच गया।
बता दें कि, ये झकझोर देने वाला सड़क हादसा जिले के शाहपुर थाना इलाके के नेशनल हाइवे पर बांचा जोड़ के पास हुआ है। भोपाल से बैतूल जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि, बाइक चालक विजय यादव और उनकी पत्नी आरती यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां की गोद में बैठी बच्ची उछलकर दूर जा गिरी, जिससे उसके पैरों में चोटें आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गवाने वाले दंपती सोहागपुर के रहने वाले थे।
ट्रक की टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि, हादसे में महिला और पुरुष की मौत हो चुकी थी, जबकि बच्ची घायल थी। स्थानीय लोगों ने ही तुरंत बच्ची को शाहपुर अस्पताल पहुंचाया। साथ ही, पुलिस को सूचना दी। इधर, जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची शाहपुर थाना पुलिस ने शवों का पंचनामा कर मृतकों के परिजन को सूचना दी।
दूसरी तरफ बाइक सवार दंपती को रौंदने के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालके के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, विजय और उनकी पत्नी बैतूल में अपने एक रिश्तेदार के यहां गए थे। रात में बाइक से सोहागपुर लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए।
मामले को लेकर घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि, भले ही पुलिस ट्रक चालक को पकड़ ले और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाए। लेकिन, पूरे घटनाक्रम में सबसे दुखद हकीकत ये है कि, एक ट्रक चालक की लापरवही के चलते महज ढाई साल की एक मासूम बच्ची के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।