
newly married woman kunti suspicious death, नवविवाहिता कुंती की जीवित अवस्था की तस्वीर (source-patrika)
Betul Newly Married Woman Kunti Death: मध्यप्रदेश के बैतूल में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उसके पिता ने पति व ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र के लालढाना गांव की है। जहां गुरुवार शाम करीब 7 बजे घर के पीछे बने कुएं से नवविवाहिता का शव मिला था। नवविवाहिता के पिता के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
लालढाना गांव में रहने वाले अजय पवार की शादी करीब दो महीने पहले कुंती पवार के साथ हुई थी। पूरे रीति-रिवाज के साथ परिजनों ने बेटी कुंती को विदा किया था लेकिन दो दिन पहले गुरुवार शाम करीब 7 बजे उन पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब कुंती की मौत की खबर मिली। गुरुवार शाम को कुंती का शव घर के पीछे बने कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। तब सूचना पर बोरदेही थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शुक्रवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था।
नवविवाहिता कुंती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के दो दिन बाद कुंती के पिता संतोष कोलभर ने शनिवार को पुलिस थाने पहुंचकर दामाद अजय पवार व सास पर हत्या के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि कुंती की हत्या कर पति और सास ने ही शव को कुएं में फेंका है। उन्होंने बताया कि कुंती 11वीं तक पढ़ी थी, लेकिन वो काफी समझदार थी और उन्हें इस बात का पूरा विश्वास है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती है।
नवविवाहिता के पिता संतोष कोलभर ने पुलिस को बताया है कि बेटी की शादी में उन्होंने करीब 5 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद उसे ससुराल में पैसों के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। करीब आठ दिन पहले कुंती का ससुराल में विवाद भी हुआ था और उसने फोन कर उन्हें इसके बारे में बताया था कि उसे पैसों के लिए ससुराल में परेशान किया जा रहा है। पिता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के कारण तहसीलदार से पंचनामा कार्रवाई की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
Updated on:
18 Jul 2026 09:45 pm
Published on:
18 Jul 2026 09:45 pm
