बेतुल

मच गया हड़कंप! कुएं में मिले नगर परिषद के 2 कर्मचारियों के शव, 4 नाम आए सामने

MP News: बैतूलबाजार नगर परिषद में सनसनी फैल गई, जब महिला लिपिक और जलप्रदाय कर्मचारी के शव कुएं में मिले। सुसाइड नोट में महिला ने सहकर्मियों पर ताने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
2 min read
Nov 27, 2025
two municipal employees found dead well accuses harassment betul mp news
two municipal employees found dead in well in betul (फोटो- सोशल मीडिया)

Municipal Employees Found Dead: बैतूल के बैतूलबाजार नगर परिषद (Betul Bazaar Municipal Council) में कार्यरत महिला लिपिक और जलप्रदाय विभाग के एक कर्मचारी का शव बुधवार सुबह भयावाड़ी के पास एक कुएं मिला है। दोनों मंगलवार रात से गायब थे। बैतूल से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने दोनों शवों को निकालकर पोस्टमार्टम कराया है। महिला कर्मचारी ने एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें नगर परिषद के ही कुछ कर्मचारियों पर ताने मारकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (MP News)

कुएं में मिले कर्मचारियों के शव

पुलिस के मुताबिक, नगर परिषद बैतूल बाजार में लिपिक रजनी डुंडेले (45) अपने घर पर नहीं मिली थी तो परिजनों ने पहले अन्य जगहों पर तलाश की और फिर पुलिस थाने में शिकायत में की। पुलिस ने नगर के सीसीटीवी खंगाले तो रजनी नगर परिषद के ही जलप्रदाय शाखा के कर्मचारी मिथुन पंवार (29) के साथ मोटरसाइकिल पर नजर आई।

पुलिस ने दोनों की लोकेशन निकालने का प्रयास किया, लेकिन महिला कर्मचारी ने अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया था। जिसके बाद पुलिस ने मिथुन के मोबाइल की लोकशन निकाली। इसके आधार पुलिस ग्राम भयावाड़ी पहुंची। पुलिस को कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस ने और सर्चिग की तो पास में ही एक कुएं के पास पहुंची। यहां पर दोनों के चप्पल-जूते और मिथुन का पर्स और मोबाइल मिला है। पुलिस को रजनी का शव दिखा।

काफी मशक्कत के बाद मिला मिथुन का शव

बुधवार सुबह बैतूल से एसडीआरएफ की टीम ने पहुंचकर कुएं से महिला का शव निकाला। कुएं में ही मिथुन के शव की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद मिथुन का शव भी कुएं में ही मिल गया। जिस कुएं में शव मिले हैं, वह मिथुन का ही बताया जा रहा है। दोनों बैतूलबाजार के ही निवासी थे। पुलिस के मुताबिक रजनी के पति चंद्रशेखर की मौत हो चुकी है। चंद्रशेखर पार्षद थे। उनकी दो बेटी और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। वहीं बेटे की शादी होने वाली है।

कुछ दिन से परेशान चल रही थी रजनी

महिला के परिजनों ने बताया वह कुछ दिनों से बहुत परेशान चल रही थी। ऑफिस के कर्मचारी उसे ताने मारते थे। मिथुन के परिजनों ने बताया रात को वह घर से गया था, फिर लौटा नहीं। रात ढाई बजे पता चला कि महिला की कुएं में लाश मिली है। वहीं उसकी चप्पल और और थोड़ी दूरी पर बाइक खड़ी थी। मिथुन का विवाह नहीं हुआ था।

कर्मचारियों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

महिला कर्मचारी रजनी के परिजनों ने पुलिस को एक सुसाइड नोट सौंपा है। रजनी ने नगर परिषद के ही चार कर्मचारियों पर ताने मारते हुए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला ने लिखा है कि ऑफिस के लोग मुझे गलत नजर से देखते हैं, मेरे चरित्र पर सवाल उठाते हैं। मैं तानों से परेशान हो गई हूं। (MP News)

जांच की जा रही है

महिला ने एक सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें नगर पारिषद के ही कुछ कर्मचारियों पर प्रताड़ना की बात लिखी है। जांच की जा रही है। - अंजना धुर्वे, थाना प्रभारी बैतूलबाजार

Updated on:
27 Nov 2025 07:21 am
Published on:
27 Nov 2025 07:21 am