बैतूल

Betul Crime: जंगल में रेत में दफन था पति, पुलिस के साथ ढूंढने का नाटक कर रही थी पत्नी

Husband Murder Case: पत्नी ने की पति की हत्या फिर प्रेमी के साथ मिलकर जंगल में ले जाकर दफनाई लाश, दो दिन तक पुलिस को करती रही गुमराह।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 10:00 PM IST
betul murder case
wife murdered husband buried body forest lover, जंगल में आरोपियों से पूछताछ करती पुलिस (Source-Patrika)

Betul Husband Murder Case: मध्यप्रदेश के बैतूल में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी और फिर प्रेमी के साथ मिलकर पति के शव को जंगल में ले जाकर रेत में दफन कर दिया। पति के शव को ठिकाने लगाने के बाद पत्नी खुद पुलिस थाने पहुंची और पुलिस में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई। पत्नी पुलिस के साथ मिलकर पति को खोजने का नाटक भी करती रही, लेकिन दो दिन में ही पुलिस ने उसके नाटक का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

20 नवंबर को थाने पहुंची थी पत्नी

घटना बैतूल जिले के खापा गांव की है, यहां रहने वाली सागर यादव नाम की महिला ने 20 नवंबर को पुलिस थाने पहुंचकर पति संदीप यादव की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। संदीप हरदा में जेसीबी चलाता था और ग्यारस का त्योहार मनाने के लिए घर आया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदीप की खोज में जुट गई। इसी दौरान पुलिस को संदीप की पत्नी सागर पर शक हुआ और इसी शक ने संदीप की हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया। पुलिस ने पत्नी सागर से पूछताछ की तो सारा सच सामने आ गया।

जंगल में जांच करते पुलिस अधिकारी (Source-Patrika)

पति की हत्या कर दफनाया शव

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक संदीप की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। संदीप हरदा में काम करता था, इसीलिए घर से बाहर रहता था। संदीप की पत्नी सागर के गांव के ही रहने वाले ओमप्रकाश यादव से संबंध बन गए थे। इस बात की भनक संदीप को लग चुकी थी, इसलिए वो अक्सर सागर से विवाद करता था। 20 नवंबर की रात भी शराब के नशे में संदीप पत्नी सागर से विवाद कर रहा था। इसी दौरान पत्नी ने उसे धक्का दे दिया जिसके कारण उसका सिर दीवार में लगा, इसके बाद पत्नी ने गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। पति की हत्या करने के बाद आरोपी पत्नी ने प्रेमी ओमप्रकाश को बुलाया और फिर दोनों ने ताकू मिलिट्री रेंज के जंगल में नाले के पास ले गए और रेत में दफना दिया। इसके बाद सागर शाहपुर थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी।

डॉग स्कवॉड ने ढूंढा शव (Source-Patrika)

पुलिस को किया गुमराह, डॉग स्कवॉड ने खोजा शव

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, जब पुलिस उन्हें जंगल में ले गई तो वो उस जगह के बारे में गलत जानकारी देते रहे जहां उन्होंने संदीप को दफनाया था। लेकिन डॉग स्कवॉड की मदद से पुलिस ने सड़क से 3 किमी अंदर से संदीप का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Updated on:
23 Nov 2026, 10:00 PM IST
Published on: