भदोही

केशव मौर्य ने मुख्तार अंसारी को बताया अखिलेश का मसीहा, कहा- माफियाओं का गिरोह इंडी गठबंधन

Lok Sabha Elections 2024: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज यानी शनिवार को भदोही में एक चुनावी जनसभा संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव के मसीहा मुख्तार अंसारी और इंडी गठबंधन माफियाओं का गिरोह है।
2 min read
May 19, 2024
Keshav Prasad Maurya says Akhilesh Yadav's messiah Mukhtar Ansari Indi alliance gang of mafias

Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश के भदोही लोकसभा क्षेत्र के घोसिया में भाजपा प्रत्याशी डॉ. विनोद कुमार बिंद के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक तरफ गरीबों की भलाई चाहने वाले, महिलाओं का सशक्‍तीकरण चाहने वाले, देश-दुनिया में भारत की ताकत बढ़ाने वाले पीएम मोदी हैं, तो दूसरी तरफ गुंडे, माफियाओं, भ्रष्टाचारियों के एक गिरोह का इंडी गठबंधन है। यहीं गिरोह मोदी को प्रधानमंत्री नहीं रहने देना चाहता। गुंडे, माफिया, दलाल और भ्रष्टाचारी इंडी गठबंधन के साथ खड़े हैं।

केशव मौर्य ने आगे कहा कि भदोही में टीएमसी को कोई जानता तक नहीं। पश्चिम बंगाल जहां टीएमसी है, वहां रामनवमी का उत्सव नहीं मनाया जा सकता। दुर्गा मैया की पूजा नहीं की जा सकती, उसी टीएमसी का प्रत्याशी यहां लड़ रहा है।

अखिलेश यादव के मसीहा मुख्तार अंसारी जैसे माफिया: मौर्य

केशव मौर्य ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा, "अखिलेश यादव के मसीहा मुख्तार अंसारी जैसे माफिया और अपराधी प्रवृत्ति के लोग हैं। भाजपा सरकार में बिना दलाली और कटौती के सीधे जनता तक योजनाएं शत-प्रतिशत रूप में पहुंच रही हैं। किसान सम्मान निधि के 2 हजार रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से खाते में पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के राज में बिचौलियों की वजह से योजनाओं का लाभ महज कुछ लोगों को ही मिल पाता था।"

मोदी सरकार के सहयोग से अयोध्या में बना ऐतिहासिक राम मंदिर

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि मोदी सरकार के सहयोग से अयोध्या में ऐतिहासिक राम मंदिर बना है। काशी कॉरिडोर हो चाहे अन्य पर्यटन और धार्मिक स्थल, सभी को सजोने और संवारने का काम हमारी सरकार कर रही है।

भदोही लोकसभा सीट के लिए 25 मई को छठे चरण में चुनाव होना है। इंडिया गठबंधन टीएमसी से ललितेश पति त्रिपाठी उम्मीदवार हैं। वहीं भाजपा ने डॉ. विनोद कुमार बिंद को प्रत्याशी बनाया है।