भारत

Andhra News: रात होते ही आसमान से बरसने लगते हैं पत्थर, पुलिस और 20 युवाओं की निगरानी भी फेल, अब दहशत में पूरा गांव

Anantapur Stone Throwing: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के अप्पाजिपेटा गांव में रात होते ही घरों की छतों पर पत्थर गिरने से ग्रामीण डरे हुए हैं। एक सप्ताह से जारी इस घटना को रोकने के लिए पुलिस गश्त और ग्रामीणों की निगरानी भी अब तक बेअसर रही है।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
Anantapur Stone Throwing
गश्त करती पुलिस और युवा। फोटो- आईएएनएस

अमरावती। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के एक गांव में रात होते ही घरों की छतों पर रहस्यमय तरीके से पत्थर गिरने का सिलसिला लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। करीब एक सप्ताह से जारी इस घटना से ग्रामीण इतने डरे हुए हैं कि सूर्यास्त होते ही घरों के दरवाजे बंद कर लेते हैं। पुलिस की गश्त और ग्रामीण युवाओं की निगरानी के बावजूद पत्थर गिरने का सिलसिला थमा नहीं है। यह मामला पिंडी मंडल के अप्पाजिपेटा गांव का है। ग्रामीणों ने लगातार हो रही पत्थरबाजी से परेशान होकर पुलिस में शिकायत की।

जवानों को गश्त के लिए तैनात किया

इसके बाद पुलिस ने गांव में चार जवानों को गश्त के लिए तैनात किया। पुलिसकर्मियों ने लगातार दो दिन तक इलाके में निगरानी की, लेकिन इसके बावजूद रात के समय घरों की छतों पर पत्थर गिरते रहे। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 10 बजे के आसपास अचानक पत्थर छतों पर गिरने लगते हैं। कुछ मिनट के अंतराल के बाद फिर पत्थर गिरते हैं। कई बार भारी पत्थर भी छतों पर गिरते हैं, जिससे तेज आवाज होती है और लोग डर जाते हैं। गांव में ज्यादातर घरों की छतें सीमेंट की चादर वाली हैं। ऐसे में पत्थर गिरने से छतों को नुकसान भी पहुंच रहा है।

पुलिस और ग्रामीणों ने पहाड़ी पर डेरा डाला

मामले की सच्चाई पता लगाने के लिए गांव के करीब 20 युवाओं ने पुलिस के साथ मिलकर पास की एक पहाड़ी पर निगरानी रखी। ग्रामीणों का कहना है कि वे पूरी रात सतर्क रहे और यह पता लगाने की कोशिश करते रहे कि आखिर पत्थर कहां से आ रहे हैं। इसके बावजूद उनकी आंखों के सामने घरों की छतों पर पत्थर गिरते रहे। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर कई स्थानों पर नजर रखी, लेकिन कोई व्यक्ति पत्थर फेंकता हुआ नहीं मिला। पुलिस की मौजूदगी के दौरान भी पत्थर गिरने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

कुछ लोगों को लगी चोट, घरों को भी नुकसान

ग्रामीणों ने वे पत्थर भी दिखाए जो उनके घरों की छतों पर गिरे थे। पत्थर गिरने की घटनाओं में दो ग्रामीणों को मामूली चोटें आने की भी बात सामने आई है। लगातार पत्थर गिरने से कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त हुई हैं।शुरुआत में ग्रामीणों को शक था कि कोई शरारती व्यक्ति या कुछ लोग जानबूझकर रात के समय पत्थर फेंक रहे हैं। इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस की गश्त और ग्रामीणों की निगरानी के बाद भी घटना जारी रहने से अब वे खुद भी इस घटना को लेकर असमंजस में हैं।

Updated on:
04 Oct 2026 09:26 pm
Published on:
04 Oct 2026 09:24 pm