
CJP Protest Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को व्यापक स्तर पर समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में TMC सांसद महुआ मोइत्रा भी शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल हुईं। यहां उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अपना खुला समर्थन दिया। इस मौके पर TMC सांसद ने केंद्र सरकार भी निशाने पर लिया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला।
महुआ मोइत्रा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, 'ये बेशर्म लोग सत्ता के नशे में चूर हैं। इन्हें अपने आसपास हो रही घटनाओं का अंदाजा नहीं है। धर्मेंद्र प्रधान को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा, 'उसका जन्मदिन का केक हमारे बच्चों के खून से नहीं पकाया जा सकता। उन्हें आपको किसी भी नाम या पहचान से बांटने मत दीजिए। आपकी एकमात्र पहचान 'हिंदुस्तानी' है। हिम्मत मत हारिए। अपने उद्देश्य और सिद्धांतों पर अडिग रहिए। जय हिंद।'
महुआ मोइत्रा की यह टिप्पणी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के 26 जून को मनाए गए जन्मदिन समारोह पर व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया प्रतीत होती है। दरअसल, उस वक्त पेपर लीक को लेकर इस्तीफे की मांग करते हुए लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे थे। वहीं, शिक्षा मंत्री ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को 'आतंकवादियों की बी टीम' बताया था।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने धर्मेंद्र प्रधान की टिप्पणी की आलोचना करते हुए लिखा, 'धर्मेंद्र प्रधान हमें आतंकवादी कहते हैं। लेकिन विडंबना यह है कि 17 से अधिक छात्रों की मौत का खून उनके ही हाथों पर है। उन्होंने आगे कहा, सर, हम आतंकवादी नहीं हैं। हमें आप जैसे लोगों से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की कोई जरूरत नहीं है, जो निर्दोष छात्रों की मौत के लिए जिम्मेदार हैं।
खबर अपडेट हो रही है...