
Bhajan Lal Cabinet : कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाकर भाजपा ने पूर्वी राजस्थान में सत्ता तो साध ली है, लेकिन मंत्रिमंडल में इस संभाग को तवज्जो नहीं मिल सकी है। नए मंत्रिमंडल में भरतपुर को महज एक राज्यमंत्री ही मिला है। यह मंत्री पद भी नए जिले डीग में गया है। ऐसे में भरतपुर के हाथ अभी भी खाली हैं। पिछली कांग्रेस सरकार ने भरतपुर संभाग की मंत्रियों से झोली भर दी थी, लेकिन भाजपा ने इस मामले में कंजूसी ही बरती है। भरतपुर-डीग जिले को इस बार दो से तीन मंत्रियों की आस थी। भरतपुर जिले की बात करें तो पिछली सरकार में भरतपुर से सात विधायक थे। इनमें से दो कैबिनेट मंत्री, दो राज्यमंत्री एवं दो राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त बोर्ड के अध्यक्ष रहे थे। धौलपुर जिले को छोड़ दिया जाए तो सभी जगह भाजपा को बढ़त मिली है, लेकिन इसके मुताबिक यहां मंत्री पद नहीं दिए गए हैं।
लोकसभा चुनाव के बाद बढ़ सकता है प्रतिनिधित्व
भरतपुर-डीग जिले की सात सीट में से महज एक को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। नगर से विधायक जवाहर सिंह बेढ़म को राज्यमंत्री बनाया है, जबकि यहां से डीग-कुम्हेर से विधायक डॉ. शैलेष सिंह, नदबई से विधायक जगत सिंह एवं कामां विधायक नौक्षम चौधरी का नाम भी चल रहा था। बेढ़म को राज्यमंत्री बनाने के पीछे सरकार की मंशा गुर्जर वोट को साधने की है। सूत्र बताते हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में भरतपुर को और जगह मिल सकती है। कांग्रेस ने करौली के सपोटरा से विधायक रमेश मीणा को भी कैबिनेट मंत्री बनाया था, जबकि इस बार संभाग से महज एक कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के रूप में शामिल किया है।
कांग्रेस सरकार ने ये दिए थे मंत्री
- विश्वेन्द्र सिंह कैबिनेट मंत्री
- भजनलाल जाटव कैबिनेट मंत्री
- डॉ. सुभाष गर्ग राज्यमंत्री
- जाहिदा खान राज्यमंत्री
- जोगिन्दर सिंह अवाना अध्यक्ष देवनारायण बोर्ड
- वाजिब अली चेयरमैन स्टेट फूड कमीशन