Rajasthan Cabinet Expansion: राजस्थान के मंत्रिमंडल में चित्तौड़गढ़ का प्रतिनिधित्व इस बार भी बरकरार रहा है। जिले की बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक गौतम दक को स्वतंत्र प्रभार का राज्यमंत्री बनाया गया है। शनिवार दोपहर राज्यपाल कलराज मिश्र ने दक को शपथ दिलाई। जैसे ही मंत्रीपद के लिए दक का नाम उद्घोषित किया गया, क्षेत्र के लोगों में हर्ष छा गया। बड़ीसादड़ी, दक के पैतृक गांव डूंगला, चित्तौड़गढ़ समेत अनेक स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाई वितरित की। बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र से 20 साल बाद कोई विधायक मंत्री बना है। इससे पूर्व 1993 में गुलाबचंद कटारिया बड़ीसादड़ी से चुनाव जीत कर मंत्री बने थे।