भरतपुर

Rajasthan : भरतपुर में घूसखोर अभियंता निकला मालामाल, घर की तलाशी में ₹43 लाख नकद और 20 किलो चांदी मिली, ACB चौंक गई

Bharatpur News : भरतपुर में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद के घर की तलाशी में एसीबी को भारी नकदी और चांदी का भंडार मिला है।
2 min read
bharatpur ae govind prasad arrest bribe acb finds home hoard cash silver
Bharatpur News : भरतपुर. घूसखोर अभियंता के घर की तलाशी में मिला सामान। फोटो पत्रिका

Bharatpur News : भरतपुर में तीस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार पंचायत समिति भुसावर के सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद के घर की तलाशी में एसीबी को भारी नकदी और चांदी का भंडार मिला है। आरोपी अभियंता के घर से 43 लाख 38 हजार 500 रुपए नकद और करीब 20 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा हिंडौन में दो दुकानों, जयपुर के मानसरोवर में हाउसिंग बोर्ड के मकान और अन्य भू-संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। नकदी में 500-500 रुपए की 86 गड्डियां और 500 रुपए के 77 नोट अलग से मिले। एसीबी अब बरामद नकदी, चांदी और संपत्तियों के दस्तावेजों के स्रोत व स्वामित्व की जांच कर रही है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भरतपुर इकाई ने 14 सितंबर को गोविन्द प्रसाद को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। ट्रैप कार्रवाई के बाद आरोपी के आवास की तलाशी डीआईजी एसीबी रेंज भरतपुर ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एएसपी अमित सिंह के नेतृत्व में ली गई। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि बरामद संपत्तियां आरोपी के नाम हैं या किसी अन्य के नाम पर और उनकी खरीद के लिए धन कहां से आया।

ये है मामला...

सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद ने पंचायत समिति भुसावर में संवेदक की माप पुस्तिका और कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र का सत्यापन कर हस्ताक्षर करने के बदले 30 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस (DIG) ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और एसीबी चौकी भरतपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक महेंद्र सिंह ने किया।

तय रणनीति के अनुसार परिवादी को रिश्वत के 30,000 रुपए लेकर आरोपी सहायक अभियंता गोविंद प्रसाद के पास भेजा गया। जैसे ही भुसावर स्थित पंचायत समिति कार्यालय में आरोपी गोविंद प्रसाद ने परिवादी से रिश्वत की रकम ली और अपने पास रखी, तभी पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी के हाथों से रिश्वत के नोट बरामद किए गए और हाथों के रंग धुलाए जाने पर केमिकल टेस्ट पॉजिटिव आया, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

एसीबी की महानिरीक्षक (IG) एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी अधिकारी से लगातार पूछताछ की जा रही है। एसीबी द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी अनुसंधान किया जा रहा है।

Updated on:
15 Sept 2026 08:28 pm
Published on:
15 Sept 2026 08:25 pm