
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर शहर में एटीएम लूट की कोशिश से पहले पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने एटीएम काटकर लूटने की कोशिश कर रही गैंग के दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। हालांकि, गैंग के अन्य सदस्य भागने में कामयाब हो गए। अच्छी बात ये रही कि भरतपुर पुलिस की सजगता से एटीएम लूट की बड़ी वारदात टल गई।
एटीएम लूट की कोशिश का यह मामला भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र का है। जहां देर रात बदमाशों ने एमएसजे कॉलेज के सामने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को लूटने की कोशिश की। जब दो बदमाश गैस कटर से एटीएम को काट रहे थे, तभी गश्त कर रहे एक कांस्टेबल की नजर बदमाशों पर पड़ गई। कांस्टेबल ने बिना वक्त गंवाए एटीएम वाली दुकान का शटर बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। एसपी राजेश मीणा के निर्देशन मथुरा गेट थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय चौधरी निवासी अभोर्रा कुम्हेर और कुलदीप निवासी गढ़ऊआ इगलास अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक बुलेट बाइक, एटीएम काटने की मशीन, कटर, हथौड़े समेत अन्य सामान बरामद किया है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई से घबराकर गैंग के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
मथुरा गेट थाने के एएसआई रति राम ने बताया कि एमएसजे कॉलेज के सामने देर रात दो बदमाश बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को काट रहे थे। तभी गश्त कर रहे कांस्टेबल उदय सिंह की बदमाशों पर नजर पड़ गई। कांस्टेबल ने समझदारी का परिचय देते हुए एटीएम लूट की बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया। जैसे ही कांस्टेबल ने दुकान की शटर बंद की तो बाहर खड़े बदमाश भाग छूटे और दो बदमाश दुकान में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलते ही बैंक के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने लाई, जहां पर आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एटीएम को काटने के बाद लूटकर ले जाने का प्लान था। उनके साथी सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी के आसपास थे। लेकिन, जैसे ही पुलिसकर्मी मौके पर आया तो वो सभी भाग गए। आरोपियों ने बताया कि एटीएम मशीन को काटने के बाद उसे गाड़ी में डालकर ले जाने की योजना थी। पुलिस आरोपियों के साथियों के बारे मे पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है।