भरतपुर

Bharatpur Crime : दबंगों का हमला, अनिल गुर्जर हुआ गंभीर घायल, गांव में फैली सनसनी, आरोपी फरार

Bharatpur Crime : बयाना. गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र के तरसूमा गांव में बुधवार रात दबंगों की कथित दबंगई सामने आई। दुकान के बाहर खड़े युवक पर घेरकर हमला कर दिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।
2 min read
bharatpur bayana anil gurjar seriously injured village sensation
Bharatpur Crime : बयाना. गढ़ी बाजना थाना पर रिपोर्ट देने पहुंचा पीड़ित। फोटो पत्रिका

Bharatpur Crime : बयाना. गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र के तरसूमा गांव में बुधवार रात दबंगों की कथित दबंगई सामने आई। दुकान के बाहर खड़े युवक पर घेरकर हमला करने की घटना से गांव में सनसनी फैल गई। गोली के छर्रे लगने से अनिल उर्फ भोला गुर्जर के दोनों पैर लहूलुहान हो गए। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल युवक को परिजन बयाना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।

युवक को घेरा किया हमला

पीड़ित पक्ष की ओर से गढ़ीबाजना थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार रात अनिल उर्फ भोला गुर्जर दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव के चंद्रभान गुर्जर, दीपक और रणजीत गुर्जर सहित 3-4 अन्य लोग कथित रूप से अवैध हथियार लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने अनिल को घेर लिया और उस पर हमला कर दी। जिसके बाद अनिल के दोनों पैर घायल हो गए। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही दौड़े एएसपी और सीओ

गांव में हमले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। बयाना एएसपी रामगोपाल बसवाल, सीओ देवेंद्र जाखड़ और गढ़ीबाजना थाना प्रभारी श्यामलाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनाक्रम के साथ वारदात के पीछे संभावित रंजिश और अन्य कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।

आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

मामले में गंभीर बात यह सामने आई है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी हमले और चोरी जैसे आपराधिक मामले दर्ज होने का दावा किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पूर्व में आपराधिक मामलों में नाम आने के बावजूद आरोपियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? हालांकि, पुराने मामलों में आरोपियों की वास्तविक भूमिका और वर्तमान वारदात से उनके संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

एएसपी ने दिए गिरफ्तारी के निर्देश, संभावित ठिकानों पर दबिश

घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी रामगोपाल बसवाल ने थाना प्रभारी श्यामलाल मीणा को नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने चंद्रभान, दीपक और रणजीत सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित की गई है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस हमले में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने की चुनौती है।

Updated on:
08 Oct 2026 06:02 pm
Published on:
08 Oct 2026 05:48 pm