Rajasthan Politics : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को बृजेन्द्र सिंह सूपा की प्रतिमा के अनावरण के बाद भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। गहलोत बोले - केवल जुमलों तक सीमित है भाजपा सरकार।
Rajasthan Politics : बयाना. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिना हिंसा के गुर्जर समाज को 5 प्रतिशत आरक्षण दिया, जबकि आरक्षण आंदोलन में कई लोगों की जान गई थी। उन्होंने डबल इंजन सरकार को जुमलों की सरकार बताते हुए एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
गहलोत क्षेत्र के सूपा गांव में शुक्रवार को पूर्व विधायक एवं पूर्व पशुधन विकास बोर्ड चेयरमैन बृजेन्द्र सिंह सूपा की प्रतिमा के अनावरण बतौर मुख्य अतिथि यहां पहुंचे थे। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दोपहर बाद यहां पहुंचकर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के बीच प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम से पहले अशोक गहलोत का कनावर सहित आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर स्वागत किया गया। समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी भरतपुर के जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा ने अपने पिता की स्मृति में कराया। अशोक गहलोत ने पूर्व विधायक बृजेन्द्र सिंह सूपा की पत्नी से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित की, जिससे समारोह का माहौल भावुक हो गया।
इस दौरान पूर्व मंत्री अशोक चांदना, जितेन्द्र सिंह, सांसद भजनलाल जाटव, डीग जिलाध्यक्ष राजीव सिंह, विधायक रोहित वोहरा, घनश्याम मेहर, संजय जाटव, पूर्व विधायक हिम्मत गुर्जर, अमर सिंह जाटव, गोपी गुर्जर, मोतीलाल, पूर्व मेयर अभिजीत सिंह और आरएलडी प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर अवाना सहित अनेक नेता मौजूद रहे।
इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि गुर्जर समाज भोली कौम है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आरक्षण आंदोलन में 72 लोगों की बलि देने वाली सरकार को फिर मौका दिया गया, जबकि कांग्रेस ने बिना हिंसा के 5 प्रतिशत आरक्षण दिया।
गहलोत ने देवनारायण योजना के तहत शिक्षा संस्थान खोलने का जिक्र करते हुए राज्य व केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि डबल इंजन की सरकार केवल जुमलों तक सीमित है तथा एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम में नरेश सूपा, योगेन्द्र ऐलऊ, मनोज पटेल आदि मौजूद रहे, पूरा गांव राजनीतिक और भावनात्मक माहौल में डूबा नजर आया।