
Bharatpur : डीग के पहाड़ी रोड पर बौलखेडा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वाहन कार ने सड़क से गुजर रहे भैंसों के झुंड को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 4 भैंसों व एक पाड़ा की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं टक्कर के बाद कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से कबाड़ बन गया। इसके साथ ही इस हादसे की चपेट में आकर एक बाइक सवार दम्पती भी घायल हो गए। साथ ही भैंसों का मालिक भी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया। जिनको कामवन के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो व्यक्तियों को गंभीर हालत में भरतपुर रैफर कर दिया। इस घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश कर मामला शांत कराया। पहाड़ी मार्ग स्थित गांव बौलखेडा के निकट बौखेडा निवासी रमन पुत्र मूलचंद अपनी भैसों को खेतों में हरा चारा खिलाकर घर ले जा रहा था कि कामवन की ओर से एक कार तेज गति से आ रही थी। कार की चपेट में आने से चार भैंसों व एक पाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भैंस मालिक घायल हो गया। वहीं पहाड़ी की ओर से कामवन के गांव लेवडा लौट रहे बाइक सवार अली मोहम्मद पुत्र मुशी व इसकी पत्नी साइरा भैसों की चपेट में आने से घायल हो गई।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में पहाड़ी की तरफ जा रही थी। अचानक मवेशी रोड पर आ गए और कार टकरा गई। कार में बैठे पति-पत्नी अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने कांच तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और तुरंत पहाड़ी अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे के बाद बौलखेडा के पास पहाड़ी रोड पर जाम लग गया। आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। मौके पर पहाड़ी पुलिस ने पहुंचकर जाम को खुलवाया और हादसे की जांच में लग गई।