भरतपुर

Bharatpur Crime : पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष के बेटे पर फायरिंग, आरोपी मौके से फरार

Bharatpur Crime : भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र के खेरिया मोड चौराहा पर शुक्रवार सुबह बाइक सवार बदमाश ने पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष निरंजन सूपा के बेटे पर जान से मारने की नीयत से दो राउण्ड फायरिंग की।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 6:34 PM IST
bharatpur former bjp district vice president niranjan soupa son on firing
Bharatpur Crime : फाइल फोटो पत्रिका

Bharatpur Crime : भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र के खेरिया मोड चौराहा पर शुक्रवार सुबह चुनावी रंजिश को लेकर फायरिंग का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाश ने पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष निरंजन सूपा के बेटे पर जान से मारने की नीयत से दो राउण्ड फायरिंग की। पीड़ित ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई। गोली ऑफिस के शीशे को तोड़ते हुए अंदर लगे मीटर में जा लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर एडीशनल एसपी रामगोपाल बसवाल, सीओ रोहित श्रीवास्तव व रुदावल एसएचओ नरेश शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच की। वही एफएसएल व एमआईयू की टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

यशपाल पर निशाना साधा, बच गए

रुदावल एसएचओ नरेश शर्मा ने बताया कि गांव सूपा निवासी यशपाल सिंह गुर्जर पुत्र निरंजन सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह खेरिया मोड़ स्थित अपने ऑफिस के सामने बैठा था। इसी दौरान गांव हरनगर निवासी गौरव उर्फ तोती उर्फ गिल्लू गुर्जर बाइक से वहां पहुंचा। उसने रुकते ही कट्टा निकालकर यशपाल पर निशाना साधते हुए गोली चला दी। यशपाल नीचे झुक गया, जिससे गोली उसे नहीं लगी और ऑफिस का शीशा तोड़ते हुए अंदर मीटर में जा लगी। जबकि दूसरी गोली टीनशेड से टकरा गई।

आरोपी बाइक से फरार हो गया

रिपोर्ट में बताया गया कि घटना के समय भान सिंह निवासी बेदपुरा और लब्बी उर्फ लवकुश निवासी सूपा मौके पर मौजूद थे। दोनों ने घटना को देखा है। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। पुलिस की चार टीमें बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।

सरपंच पद के चुनाव से जुड़ी है रंजिश!

पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला पंचायत आम चुनाव-2026 की आपसी रंजिश का माना जा रहा है। पीड़ित यशपाल सिंह गुर्जर की पत्नी पाली डांग ग्राम पंचायत से सरपंच पद की प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं। इस पाली डांग ग्राम पंचायत क्षेत्र में यशपाल का पैतृक गांव सूपा और आरोपी गौरव का गांव हरनगर दोनों आते हैं। चुनाव प्रचार और सियासी वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए रुदावल थाना पुलिस ने मौके से खाली कारतूस और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी गौरव के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Updated on:
23 Oct 2026, 6:34 PM IST
Published on: