
भरतपुर। नगर निगम से कन्नी गुर्जर की ओर जाने वाली गोलबाग रोड के चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम ने सर्वे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क को 80 फीट चौड़ा करने की योजना के तहत निगम कर्मचारियों की ओर से मौके पर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे की कवायद के साथ ही इस मार्ग पर व्यापार करने वाले व्यापारी और मकान मालिकों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम ने गोलबाग रोड के चौड़ीकरण की दिशा में प्रक्रिया शुरू करते हुए सड़क के दोनों ओर स्थित निर्माणों को चिह्नित किया है। प्रारंभिक सर्वे में एक ओर 42 और दूसरी ओर 58 मकान-दुकान चिह्नित किए गए हैं। इस तरह कुल 100 मकान और दुकानें सर्वे के दायरे में आई हैं। फिलहाल निगम की ओर से सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद संबंधित मकान और दुकान मालिकों को नोटिस देकर आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे।
नगर निगम की योजना के अनुसार जिन मकान-दुकान मालिकों के पास निर्माण और स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज होंगे। उन्हें नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं जिन निर्माणों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलेंगे, उन्हें अतिक्रमण मानकर हटाने की कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रक्रिया को लेकर सड़क किनारे व्यापार करने वाले दुकानदारों और अन्य प्रभावित लोगों की नजरें निगम की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। गोलबाग रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष योगेश व्यास ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर कार्रवाई करने की मांग की है।
गोलबाग रोड से लेकर कन्नी गुर्जर तक चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। मथुरा गेट से बिजली घर तक दिन भर जाम की समस्या रहती है। इस रोड से यातायात डायवर्ट रहेगा। शहर में जाम की स्थिति को सुधारने के लिए इस रोड को चौड़ा किया जाएगा। पहले यह रोड काफी चौड़ी थी, लेकिन बाद में इस पर अतिक्रमण हो गए। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए दीपावली के बाद नोटिस देने की कार्रवाई की जाएगी। -श्रवण कुमार विश्नोई, आयुक्त नगर निगम, भरतपुर