भरतपुर

Bharatpur: हाईटेंशन लाइन तार चुराते समय लगा करंट, शरीर बुरी तरह झुलसा, पैर जलकर हुए अलग, 7 घंटे लटका रहा शव

भरतपुर के चिकसाना थाना इलाके में ऐसा भयावह दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी को दहला दिया। यहां 33 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन पर एक युवक का शव करीब 7 घंटे तक लटका रहा।
2 min read
Apr 12, 2026
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

भरतपुर। चिकसाना थाना इलाके के इकरन गांव में रविवार सुबह ऐसा भयावह दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी को दहला दिया। यहां 33 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन पर एक युवक का शव करीब 7 घंटे तक लटका रहा। बताया जा रहा है कि बिजली के तार चोरी करने के दौरान करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया।

सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने तेल मिल के सामने बिजली लाइन पर शव लटका देखा तो हडक़ंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विद्युत निगम से सप्लाई बंद कराकर शव को नीचे उतारा गया। मृतक की पहचान सुनील (30) निवासी कृष्णा धाम कॉलोनी मथुरा यूपी के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।

करंट से शरीर बुरी तरह झुलसा

हादसा इतना भयानक था कि करंट से सुनील का शरीर बुरी तरह झुलस गया और उसका पैर जलकर अलग हो गया। पुलिस के अनुसार सुनील और उसका साथी गौरव सैनी बिजली के तार चोरी करने के इरादे से शनिवार देर रात इकरन इलाके में पहुंचे थे। जैसे ही दोनों ने 33 केवी लाइन का तार काटने की कोशिश की, वे करंट की चपेट में आ गए। सुनील तारों पर ही लटक गया, जबकि गौरव दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से झुलस गया।

मौके से गाड़ी जब्त

घटना के बाद उनके साथ आए अन्य साथी घायल गौरव को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए। हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है। मौके से एक फोर व्हीलर गाड़ी भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस वारदात में 6 लोग शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने मृतक के पिता इन्द्रजीत निवासी कृष्णा धाम कॉलोनी को बुलाकर शव की पहचान कराई।

पहले भी कर चुके थे चोरी

घायल गौरव ने पूछताछ में खुलासा किया है कि चार-पांच दिन पहले भी वह और सुनील इसी इलाके में बिजली के तार चोरी कर चुके थे। विद्युत निगम ने मृतक और उसके साथियों के खिलाफ बिजली तार चोरी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे गिरोह की तलाश में जुटी है। बिजली तार चोरी के आरोपी पर पहले चोरी के चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

Updated on:
12 Apr 2026 06:51 pm
Published on:
12 Apr 2026 06:51 pm