भरतपुर

भरतपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान रिसॉर्ट में भीषण आग, 2 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट; 2 किमी दूर तक दिखीं लपटें

Bharatpur Fire: भरतपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान गैस लीक होने से एक रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा परिसर लपटों से घिर गया। रिसॉर्ट में रखे चार गैस सिलेंडरों में से दो में एक के बाद एक ब्लास्ट हो गए।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 10:10 PM IST
Bharatpur fire
Bharatpur Fire: आग की चपेट में होटल (फोटो-पत्रिका)

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में गुरुवार रात बर्थडे पार्टी के दौरान एक रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई। आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर सारस चौराहे से आगे स्थित ज्वाला कैटर्स मैरिज होम एंड रिसॉर्ट में गैस लीक होने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। रिसॉर्ट में रखे चार गैस सिलेंडरों में से दो में ब्लास्ट हो गया। धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटें करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं।

हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। उस समय रिसॉर्ट में शहर के एक बड़े व्यापारी की बर्थडे पार्टी चल रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सिलेंडर के ऊपर लगी स्टॉव के नोजल से गैस लीक हो रही थी। इसी दौरान गैस ने आग पकड़ ली। आग फैलने के बाद रिसॉर्ट में रखे अन्य सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गए, जिनमें से दो में धमाके हुए। आग और धमाकों के बीच पार्टी में शामिल लोगों ने रिसॉर्ट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

12 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए भरतपुर शहर के अलावा नदबई, भुसावर और रूपवास से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कुल करीब 12 दमकल गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एएसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीमों को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा के लिहाज से आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया और यातायात को डायवर्ट किया गया।

बिजली बंद होने से नहीं चला फायर फाइटिंग सिस्टम

भरतपुर नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने बताया कि मैरिज होम में फायर फाइटिंग सिस्टम लगा हुआ था, लेकिन बिजली बंद हो जाने के कारण वह काम नहीं कर सका। इसके चलते आग तेजी से फैल गई। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

Updated on:
19 Nov 2026, 10:10 PM IST
Published on:
Also Read
View All