
भरतपुर ।
राजस्थान में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव पास आ रहे है, वैसे-वैसे राजस्थान की राजनीति का मंजर तेज़ होता जा रहा है। राजस्थान के ही कुछ दिग्गज नेता एक पार्टी से दूसरी पार्टी में शामिल होते नज़र आ रहे है तो कुछ नेताओं की पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो रही है। हाल ही में लालसोट विधायक डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने 10 साल के लम्बे समय के बाद राजपा छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी वापिस से जॉइन की ही थी।
अब ख़बर भरतपुर से आ रही है, डीग-कुम्हेर से विधायक और राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वेन्द्र सिंह के भाजपा में शामिल होने की बात सामने आ रही है। अगर ऐसा हुआ तो बीजेपी को फिर से एक बार अच्छा समर्थन प्राप्त हो सकता है।
सचिन पायलट ने नहीं आने दिया एआइसीसी की सूची में नाम
सूत्रों के मुताबिक भाजपा पार्टी के कुछ नेता और आरएसएस के पदाधिकारी राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वेन्द्र सिंह के संपर्क में बने हुए है। बताया जा रहा है कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की लिस्ट में नाम न आने से विश्वेन्द्र सिंह नाराज़ है। कुछ नेताओं के द्वारा ही कहा जा रहा है कि राजस्थान कांग्रेस के चीफ सचिन पायलट ने विश्वेन्द्र सिंह का नाम कांग्रेस की सूची में आने ही नहीं दिया है।
सूची में नाम न आने से विश्वेन्द्र नाराज़ बताए जा रहे है और ऐसे में कांग्रेस से हुई नारज़गी के बाद वह बीजेपी पार्टी में भी शामिल हो सकते है। इसका सीधे-सीधे फ़ायदा बीजेपी को ही होना है और बीजेपी की आगामी चुनावों की रणनीति और भी तेज हो जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चल सकता है पता की कौनसी पार्टी का थामेंगे हाथ
पार्टी सूत्रों के मुताबिक माने तो विश्वेन्द्र सिंह का एआईसीसी में नाम नहीं आने से भाजपा को इसका सीधा फायदा मिल सकता है। साथ ही सूत्रों की माने तो ख़बर यह भी है की भाजपा की तरफ से विश्वेन्द्र सिंह को डिप्टी सीएम पद का भी प्रस्ताव मिला है। इस पर विश्वेन्द्र सिंह की मंत्रणा जारी है। कांग्रेस के कई बड़े नेता विश्वेन्द्र सिंह को सूची में नाम न आने से मना भी रहे है। विश्वेन्द्र सिंह के कुछ क़रीबियों के मुताबिक विश्वेन्द्र जल्द ही एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में इस विषय के बारे में बात कर सकते है।