भरतपुर

राजस्थान ज्वेलर हत्याकांड: परिजनों की हालत देख रो पड़े पूर्व विधायक, प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम

Bharatpur Nadbai Jeweler Murder: भरतपुर के नदबई में ज्वेलर योगेंद्र चोपड़ा की लूट के दौरान हत्या के बाद पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना परिजनों से मिलकर भावुक हुए। बाजार बंद रहा, व्यापारियों ने 72 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की है।

2 min read
Mar 27, 2026
परिजनों से मिलते हुए पूर्व विधायक (फोटो एक्स)

Nadbai Jeweler Murder Joginder Singh Awana Emotional: नदबई (भरतपुर): राजस्थान के भरतपुर जिले का नदबई कस्बा बुधवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए सर्राफा व्यापारी योगेंद्र चौपड़ा (45) की गोली मारकर हत्या कर दी और जेवरात व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है और व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। जानकारी के अनुसार, 25 मार्च की शाम करीब 7:15 बजे योगेंद्र चौपड़ा अपनी दुकान मंगल (बंद) कर स्कूटी से घर लौट रहे थे।

ये भी पढ़ें

Nadbai Jeweler Murder: ‘खून का बदला खून से लेंगे’, BJP विधायक बोले- कसम खाकर कहता हूं, ऐसी वारदात दोबारा नहीं होगी

उनके पास गहनों और कैश से भरा एक बैग था। जब वे अपने घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर पंजाबी मोहल्ले के पास पहुंचे, तो घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

योगेंद्र ने बैग बचाने के लिए संघर्ष किया और विरोध जताया, लेकिन बदमाशों ने बेहद नजदीक से उनके गले में गोली दाग दी। गोली लगने के बाद योगेंद्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

बदमाश मौके का फायदा उठाकर बैग लूटकर रफूचक्कर हो गए। स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों से मिलकर भावुक हुए पूर्व विधायक जोगिंदर अवाना

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना मृतक के घर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात के दौरान अवाना काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखें नम हो गईं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए लिखा, नदबई में दिनदहाड़े हुई लूट और निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना में व्यापारी भाई दिवंगत योगेन्द्र चोपड़ा जी के घर पहुंचकर उनके भाई, बच्चों और परिजनों से मिलना अत्यंत पीड़ादायक रहा।

उनकी आंखों में छलकता दर्द, टूटता हुआ साहस और खामोशी में छिपी चीखें…मन अत्यंत व्यथित और भावुक हो उठा। इस असहनीय क्षति ने न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे समाज को शोक में डुबो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

विधायक कुंवर जगत सिंह का सख्त रुख

नदबई के वर्तमान विधायक कुंवर जगत सिंह ने इस घटना पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने बदमाशों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, मुझे इस घटना से गहरा झटका लगा है। मैं कसम खाकर कहता हूं कि नदबई में ऐसी वारदात दोबारा नहीं होगी।

अब खून का बदला खून से लिया जाएगा। विधायक ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता, उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया है।

शव को स्ट्रेचर पर रख थाने पहुंचे व्यापारी

गुरुवार सुबह जैसे ही हत्या की खबर फैली, नदबई का पूरा बाजार स्वतः स्फूर्त बंद हो गया। आक्रोशित व्यापारियों और सर्व समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी मृतक का शव स्ट्रेचर पर रखकर मुख्य बाजार से रैली निकालते हुए थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

72 घंटे का अल्टीमेटम

व्यापारियों ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का समय दिया है। मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी गई हैं। मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। मृतक के पुत्र को MBBS में प्रवेश दिलाने में सहायता मिले। पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक मुआवजा दिया जाए।

बिखर गया परिवार

योगेंद्र चोपड़ा अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। अब पीछे वृद्ध मां, छोटा भाई, पत्नी और एक बेटा-बेटी रह गए हैं। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है।

ये भी पढ़ें

राजस्थान: SHO के बाद अब SDM पर भड़के फुलेरा विधायक, दे डाली बड़ी धमकी, जानें क्या है विवाद?

Published on:
27 Mar 2026 10:49 am
Also Read
View All

अगली खबर