
भरतपुर। पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में कांग्रेस ने अब प्रधान और जिला प्रमुख की कुर्सियों पर कब्जा जमाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। अब तक पार्टी से अलग बगावती तेवर दिखा रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह भी चुनावी रणनीति में कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ खड़े नजर आए। उनके सक्रिय होने से जिले की पंचायत चुनाव की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है।
कांग्रेस अब केवल प्रत्याशियों की जीत तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि पंचायत समितियों में प्रधान और जिला परिषद में जिला प्रमुख बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। गुरुवार को पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने राजस्थान कांग्रेस के सह प्रभारी चिरंजीवी राव, भरतपुर जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा और करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव के साथ चुनावी मंत्रणा की। बैठक में डीग और भरतपुर जिलों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने तथा आगामी प्रधान और जिला प्रमुख के चुनाव में पार्टी का बहुमत कायम करने को लेकर चर्चा हुई।
चुनाव के दौरान पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह का कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ एक मंच पर नजर आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
बैठक में उन्होंने स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी समीकरणों को लेकर अपने सुझाव दिए। साथ ही पदाधिकारियों के साथ रणनीति साझा करते हुए प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
कांग्रेस की रणनीति पंचायत चुनाव के नतीजों के साथ ही आगे की राजनीतिक तस्वीर को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। पार्टी की कोशिश है कि अधिक से अधिक जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को जिताकर प्रधान और जिला प्रमुख के चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत रखी जाए। ऐसे में अंतिम चरण का चुनाव कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।