भरतपुर

Bharatpur : भरतपुर रेलवे प्लेटफार्म-4 का एक हिस्सा ढहा, पलटने से बची मालगाड़ी

Bharatpur : भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 का एक हिस्सा सोमवार रात करीब 10.45 बजे अचानक ढह गया। इस वजह से एक मालगाड़ी पलटने से बाल-बाल बच गई।
3 min read
Bharatpur railway platform 4 portion collapses freight train narrowly escapes overturning
Bharatpur : भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर काम करते मजदूर। फोटो पत्रिका

Bharatpur News : भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 का एक हिस्सा सोमवार रात करीब 10.45 बजे अचानक ढह गया। इस घटना की चपेट में आई एक मालगाड़ी पलटने से बाल-बाल बच गई। आधी रात पटरी से मलबा हटाकर मालगाड़ी रवाना करने के प्रयास किया जा रहे थे। स्टेशन स्टाफ ने बताया कि यह घटना मालगाड़ी के प्लेटफार्म नंबर-4 की लूप लाइन से निकलने के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबे से मालगाड़ी इंजन खराब हो गया था। बाद में नया इंजन मांगकर मालगाड़ी को प्लेटफार्म-5 से रात करीब 2.30 बजे रवाना किया गया।

मालगाड़ी निकलने के दौरान ही प्लेटफार्म का 10 से 15 फुट का हिस्सा भरभरा कर अचानक गिर गया। भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 4 का पूरा मलबा रेल पटरी और मालगाड़ी के नीचे आकर गिरा। पटरी पर मलबा गिरने से मालगाड़ी को जोरदार झटका लगा। अचानक लगे झटके से खतरे का अहसास होते ही लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को मौके पर ही खड़ा कर लिया।

सूचना पर अधिकारी, सुपरवाइजर, आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंच गया और मलबा हटाना शुरू किया। पर्याप्त जगह नहीं होने से हाथों से ही मलबा हटाया जा रहा था। इस घटना के चलते प्लेटफार्म नंबर चार जाम हो गया। इसके चलते हरिद्वार-बांद्रा देहरादून ट्रेन (19019) को प्लेटफार्म नंबर पांच से निकला गया। इसके अलावा करीब एक दर्जन ट्रेनें और मालगाड़ियां भी प्लेटफॉर्म-5 से निकाली गईं।

Bharatpur : भरतपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर काम करते मजदूर। फोटो पत्रिका

रेलवे कर्मचारियों ने बताया- बड़ी घटना टली

रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि इस हादसे के कारण बड़ी घटना टल गई। प्लेटफार्म ढहने से बड़ी मात्रा में पत्थर, ईंट, टाइल्स, कंक्रीट और गिट्टी- मिट्टी का मलबा पटरी पर गिरने से मालगाड़ी पलट भी सकती थी। चालक की सतर्कता से तुरंत खड़ी होने से मालगाड़ी पलटने से बच गई। अगर मालगाड़ी कुछ दूर और चलती तो मलबे के कारण पलट भी सकती थी। गनीमत रही की घटना के समय कोई सवारी गाड़ी नहीं थी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

प्लेटफार्म के ढहने के कारणों का पता नहीं चला

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्लेटफार्म के अचानक ढहने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच कर रहे हैं। इस घटना के समय भरतपुर में बारिश भी हो रही थी। लंबे समय से मरम्मत नहीं होना भी प्लेटफार्म ढहने का एक कारण हो सकता है। कमजोर और खोखला प्लेटफार्म बारिश और मालगाड़ी की धमक से ढह गया।

अधिकारी बोले- बनेगी सुदृढ़ीकरण योजना

कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-4 का क्षतिग्रस्त हिस्सा तुरंत दुरुस्त कराने का काम शुरू कर दिया गया है। प्लेटफॉर्म पुराना होने के कारण इसके सुदृढ़ीकरण और क्षतिग्रस्त हिस्सों के प्रतिस्थापन की योजना भी तैयार की जाएगी।

पायलट ट्रेन से समय रहते मिला संकेत

लोको पायलट की सतर्कता से बड़ी जनहानि टल गई। मानसून में संवेदनशील रेलखंडों पर कई बार यात्री ट्रेनों से पहले मालगाड़ी या अन्य ट्रेन (पायलट ट्रेन) चलाई जाती है, ताकि ट्रैक पर किसी खतरे का समय रहते पता चल सके। संभव है कि इसी वजह से यह समस्या पहले ही सामने आ गई। ऐसे रेलखंडों की नियमित निगरानी और समय-समय पर निरीक्षण जरूरी है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सके।
वाई.के. शर्मा, पूर्व उप मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे

Updated on:
28 Jul 2026 08:45 pm
Published on:
28 Jul 2026 03:17 pm