
रूपवास (भरतपुर). भरतपुर जिले के रूपवास में एक युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने 14 नामजद और 8 अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर उनके बेटे रोहित को घर से बाहर ले जाकर लाठी-डंडों से मारपीट की और करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान महिलाओं पर युवक के मुंह में मल-मूत्र और कीचड़ डालने का भी आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थानाधिकारी विनोद मीणा के अनुसार, खटीक मोहल्ला निवासी कैलाश चंद पुत्र तोताराम खटीक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया कि उनका बेटा रोहित घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान विवेक, धन्नो, पिंटू, सुषमा, चंचल, राजेश, विनोद, कुणाल, बेबी, गौतम, उषा, पुष्पेंद्र, राजेश की साली और 8 अन्य लोग वहां पहुंचे।
आरोप है कि इन लोगों ने रोहित को घर से बाहर ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा। इस दौरान उसे गंदी गालियां दी गईं और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उसके मुंह में अपशिष्ट पदार्थ और कीचड़ भर दिया गया।
कैलाश चंद ने पुलिस को बताया कि मारपीट में उनके बेटे के शरीर पर काफी चोटें आई हैं। वह घटना के बाद डर के कारण अर्धचेतन अवस्था में चला गया। पिता का आरोप है कि इस घटना के कारण बेटे की मानसिक स्थिति पर भी बुरा असर पड़ा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा आरोपियों पर लूटपाट करने और हैंडपंप से पानी नहीं भरने देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीओ रोहित श्रीवास्तव को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है। वीडियो में दिखाई दे रही मारपीट और शिकायत में लगाए गए आरोपों की गहराई से जांच की जाएगी। फिलहाल खटीक मोहल्ले में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।