भरतपुर

भरतपुर: एक ही घर में कांग्रेस ने सास तो BJP ने बहू को दिया टिकट, लेकिन ऐन मौके पर हो गया बड़ा खेला

भरतपुर के उच्चैन पंचायत समिति चुनाव में रोचक मामला सामने आया है। वार्ड 14 में भाजपा ने बहू नितन और कांग्रेस ने सास रूमी को प्रत्याशी बनाया है। खास बात यह है कि बहू ने नामांकन ही दाखिल नहीं किया।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 7:50 PM IST
bharatpur uchchain panchayat election
एक ही घर में कांग्रेस ने सास तो BJP ने बहू को दिया टिकट (फोटो-एआई)

भरतपुर: उच्चैन पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन के अंतिम दिन बीजेपी और कांग्रेस ने प्रत्याशियों को सिंबल वितरित कर दिए। बीजेपी ने 12 प्रत्याशियों और कांग्रेस ने 12 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। आश्चर्यजनक बात यह है कि दोनों ही पार्टियों ने एक ही घर में सास और बहू को अपना-अपना सिंबल देकर प्रत्याशी बना दिया। यह मामला आमजन में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड 14 से रूमी पत्नी दीवान सिंह, निवासी दारापुर खुर्द अघापुर ने कांग्रेस की ओर से दो नामांकन जमा कराए थे, जबकि नितन ने अपना कोई भी नामांकन रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष जमा नहीं कराया। इसके बावजूद कांग्रेस ने सास रूमी को वार्ड 14 से अपना सिंबल देकर प्रत्याशी बना दिया, जबकि बीजेपी ने इसी वार्ड से उनकी पुत्रवधू नितन को प्रत्याशी घोषित कर दिया। नामांकन सूची से पता चला कि पुत्रवधू नितन पत्नी अरविंद सिंह ने प्रत्याशी के रूप में एक भी नामांकन जमा नहीं कराया है। रूमी के पति दीवान सिंह हैं और दीवान सिंह के पुत्र अरविंद सिंह हैं।

बीजेपी ने इन्हें दिया सिंबल

बीजेपी ने वार्ड 1 से बृजेंद्र सिंह निवासी फतेहपुर, वार्ड 2 से विल्ला देवी निवासी जयचौली, वार्ड 3 से विमलेश निवासी नेकपुर, वार्ड 4 से घनसुंदर निवासी पीगौरा, वार्ड 5 से प्रेमवती निवासी चकनगला बीजा, वार्ड 7 से विष्णु धाकड़ निवासी मूढ़ेरा, वार्ड 8 से मनोरमा व्यास निवासी पिचूना, वार्ड 11 से रामवती निवासी बरिघा, वार्ड 12 से वर्षारानी बंशी वागरी, वार्ड 13 से विनीता निवासी दौलतगढ़, वार्ड 14 से नितन निवासी दारापुर खुर्द और वार्ड 15 से बृजेश कुमारी निवासी बंजी को सिंबल दिया है। बीजेपी ने वार्ड 6, 9 और 10 को रिक्त रखा है।

कांग्रेस ने इन्हें बनाया प्रत्याशी

कांग्रेस ने वार्ड 1 से पुष्पेंद्र कुमार, वार्ड 2 से भावना, वार्ड 3 से रामदेई, वार्ड 5 से विरमा, वार्ड 6 से सोनम, वार्ड 7 से रामवीर सिंह, वार्ड 9 से रामेश्वर, वार्ड 11 से मुनेश, वार्ड 12 से मीरा, वार्ड 13 से भगवान सिंह, वार्ड 14 से रूमी और वार्ड 15 से उषा कुमारी को सिंबल दिया है। कांग्रेस ने वार्ड 4, 8 और 10 को रिक्त रखा है।

बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने कही यह बात

उच्चैन पंचायत समिति के कुल 15 सदस्यों के लिए बीजेपी ने 12 प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल दिया है। वार्ड 14 से नितन पत्नी अरविंद सिंह को पार्टी ने सिंबल देकर प्रत्याशी बनाया है। सिंबल जमा होने के बाद जानकारी मिली है कि नितन ने नामांकन जमा नहीं कराया है। नामांकन जमा नहीं कराने के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
-बृजेंद्र शर्मा, बीजेपी मंडल अध्यक्ष, उच्चैन

Also Read
View All